आईटीआई छात्र ने फंदे से लटककर की खुदकुशी, सोशल मीडिया खाते के बायो में दर्ज थी मौत की तारीख, गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप के बाद निराश था!

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Thu, 12 Nov 2026 11:27 AM
आईटीआई छात्र ने फंदे से लटककर की खुदकुशी, सोशल मीडिया खाते के बायो में दर्ज थी मौत की तारीख, गर्लफ्रेंड से ब्रेकअप के बाद निराश था!
ऑडियो सुनें

मध्य प्रदेश के खंडवा की नर्मदापुरम कॉलोनी में 19 वर्षीय आईटीआई छात्र आदेश कनाड़े का शव किराए के मकान में फंदे से लटका मिला। उसके सोशल मीडिया बायो में मृत्यु की तारीख दर्ज थी। परिजनों ने ब्रेकअप के बाद तनाव की आशंका जताई है। पुलिस को सुसाइड नोट नहीं मिला और मामले की जांच जारी है।

नर्मदापुरम कॉलोनी स्थित किराए के मकान में आदेश अपने मामा के कमरे में रहकर पढ़ाई कर रहा था। बुधवार देर शाम को जब काफी देर तक उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो मकान मालिक को शंका हुई। मकान मालिक ने खिड़की से भीतर झांककर देखा तो छात्र फंदे पर झूलता नजर आया। मकान मालिक ने तुरंत इसकी जानकारी उसके परिजनों को दी और बाद में पुलिस को भी सूचित किया। मौके पर पहुंची कोतवाली थाना पुलिस की टीम ने जांच-पड़ताल कर शव को फंदे से नीचे उतारा। परिजन उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक छात्र सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहता था। घटना से कुछ समय पूर्व उसने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर संदेश पोस्ट किया था, जिसमें उसने मृत्यु को ही परम सत्य और अनंत बताया था। छात्र ने अपने खाते के बायो में अपने जन्म के साथ मृत्यु की तिथि भी लिखकर रखी थी। उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर दिल टूटने और ब्रेकअप से जुड़ी कई रील्स भी अपलोड थीं, जिन्हें 50 हजार से अधिक लोग देख चुके थे। हालांकि, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि बायो में मृत्यु की तारीख कब अपडेट की गई थी।

ब्रेकअप के बाद तनाव में होने की आशंका

मृतक के चचेरे भाई के अनुसार, आदेश का किसी युवती से प्रेम संबंध था और हाल ही में उनका ब्रेकअप हो गया था। इसके बाद से ही वह मानसिक तनाव में चल रहा था। चचेरे भाई ने बताया कि परिवार में किसी तरह का विवाद या अनबन नहीं थी। घटनास्थल से पुलिस को कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस मृतक के परिजनों, मित्रों तथा संबंधित लोगों से पूछताछ कर रही है। पुलिस आत्महत्या के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए सोशल मीडिया गतिविधियों समेत सभी पहलुओं को जांच में शामिल कर रही है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group