रसगुल्ला बताकर खिला दिया सूअर मार बम, चबाते ही हुआ धमाका और फट गया जबड़ा; युवक की मौत

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Thu, 12 Nov 2026 11:13 AM
रसगुल्ला बताकर खिला दिया सूअर मार बम, चबाते ही हुआ धमाका और फट गया जबड़ा; युवक की मौत
ऑडियो सुनें

डिंडौरी जिले में रसगुल्ला बताकर युवक को सूअर मार बम खिलाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। दांत के दबाने पर बम में ब्लास्ट हो गया, जिसके कारण उसका जबड़ा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या व विस्फोटक एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।

 

कोतवाली के निरीक्षक दुर्गा प्रसाद नगपुरे ने बताया कि ग्राम पड़रिया छांटा निवासी राजेन्द्र बरौतिया पिता स्व. फुल्लू लाल बरौतिया उम्र 35 साल मंगलवार की शाम लगभग सात बजे अपने परिजनों के साथ खाना खाकर घर के आंगन में आग जलाकर बैठा था। रात लगभग आठ बजे गांव का रामभगत बरौतिया वहां पहुंचा और राजेन्द्र के बगल से बैठ गया। रामभगत और राजेन्द्र आपस में बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान रामभगत ने सूअर मार बम को रसगुल्ला बताकर राजेंद्र को खाने के लिए दे दिया। राजेंद्र ने बम को रसगुल्ला समझकर खा लिया। चबाने पर बम मुंह में ही फट गया। सूअर मार बम फटने से युवक के मुंह में गंभीर चोट आई।

 

परिजन उसे इलाज के लिए ऑटो से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में इलाज के दौरान युवक ने रात में दम तोड़ दिया। पुलिस ने बुधवार को पंचनामा कार्यवाही के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा कर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 105, विस्फोटक अधिनियम की धारा 3, 4 के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया। पोस्टमार्टम के दौरान जिला अस्पताल की मोर्चरी के बाहर परिजनों सहित ग्रामीण भी मौजूद रहे। इस घटना से ग्राम वासियों में भय व आक्रोश व्याप्त है। घटना के संबंध में चर्चाओं का बाजार सरगर्म है। पुलिस ने आरोपी की सरगर्मी से तलाश प्रारंभ कर दी है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav