
नयी दिल्ली. अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडीज 200 करोड़ रुपये के एक धनशोधन मामले में बुधवार को दिल्ली की एक अदालत में पेश हुईं.
उनके और कथित ठग सुकेश चंद्रशेखर के खिलाफ यह मामला दर्ज किया गया था. विशेष न्यायाधीश शैलेंद्र मलिक ने मामले में आरोपों पर दलीलें सुनना शुरू किया. अदालत ने पिछले साल 15 नवंबर को फर्नांडीज को मामले में 50,000 रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही प्रतिभूति राशि पर जमानत दी थी.
अदालत ने 31 अगस्त, 2022 को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दायर पूरक आरोप पत्र का संज्ञान लिया था और फर्नांडीज को अदालत के समक्ष पेश होने को कहा. ईडी जांच के सिलसिले में कई बार फर्नांडीज को समन भेज चुकी है. पूरक आरोप पत्र में पहली बार उनका नाम आरोपी के तौर पर आया है. ईडी के पहले के आरोप पत्र और पूरक आरोप पत्र में उनका नाम आरोपी के रूप में नहीं था. हालांकि, दस्तावेजों में फर्नांडीज और अभिनेत्री नोरा फतेही द्वारा दर्ज बयानों का उल्लेख था.



