जेईई-एडवांस्ड : रजित गुप्ता ने IIT प्रवेश परीक्षा में किया टॉप, देवदत्ता माझी बनीं महिला टॉपर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 02 Jun 2025 09:40 PM
जेईई-एडवांस्ड : रजित गुप्ता ने IIT प्रवेश परीक्षा में किया टॉप, देवदत्ता माझी बनीं महिला टॉपर
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. दिल्ली जोन के रजित गुप्ता ने भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) प्रवेश परीक्षा जेईई एडवांस में शीर्ष रैंक हासिल किया है. इस इम्तिहान के परिणाम सोमवार को घोषित किए गए. संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई)-एडवांस्ड के लिए इस बार आयोजन करने वाले संस्थान आईआईटी कानपुर के अधिकारियों के अनुसार 18 मई को आयोजित जेईई (एडवांस्ड) में पेपर एक और दो दोनों में कुल 1,80,422 अभ्यर्थी शामिल हुए थे.

उन्होंने कहा, “परीक्षा में 54,378 अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं. कुल उत्तीर्ण अभ्यर्थियों में से 9404 छात्राएं हैं.” कोटा निवासी रजित गुप्ता ने 360 में से 332 अंक प्राप्त कर कॉमन रैंक लिस्ट (सीआरएल) में शीर्ष स्थान प्राप्त किया है. आईआईटी खड़गपुर जोन की देवदत्ता माझी शीर्ष रैंक हासिल करने वाली महिला अभ्यर्थी हैं. उन्होंने 360 में से 312 अंक तथा सीआरएल में 16वां स्थान प्राप्त किया.

जेईई-मेन देश भर के इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिए ली जाने वाली परीक्षा है और यह जेईई-एडवांस्ड के लिए पात्रता परीक्षा है.
कुल 116 विदेशी अभ्यर्थी भी परीक्षा में शामिल हुए, जिनमें से 13 उत्तीर्ण हुए. शीर्ष 100 अभ्यर्थी में से 31-31 मुंबई और दिल्ली जोन से हैं जबकि 23 आईआईटी हैदराबाद जोन से हैं. कानपुर जोन से शीर्ष 100 में चार अभ्यर्थी, खड़गपुर से पांच और रुड़की से छह अभ्यर्थी हैं. रैंक लिस्ट में शामिल होने के नियम समझाते हुए अधिकारी ने कहा, “रैंक सूची में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों को विषयवार और कुल योग्यता अंकों को पूरा करना होगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu