झांसी मेडिकल कॉलेज आग: बचाए गए एक नवजात ने उपचार के दौरान दम तोड़ा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 17 Nov 2024 07:16 PM
झांसी मेडिकल कॉलेज आग: बचाए गए एक नवजात ने उपचार के दौरान दम तोड़ा

ऑडियो सुनें

झांसी. उत्तर प्रदेश के झांसी स्थित महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) में आग लगने के दौरान बचाये गये बच्­चों में एक बच्चे की उपचार के दौरान मौत हो गयी, जिससे मृत नवजातों की संख्या बढ़कर 11 हो गयी. एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी.

शुक्रवार रात करीब पौने 11 बजे महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में आग लगने से 10 नवजात बच्चों की मौत हो गई थी. झांसी के जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया था कि हादसे में बचाये गये 38 नवजात बच्चों का उपचार किया जा रहा है. कुमार ने रविवार को ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”तीन नवजात की हालत गंभीर बताई गई थी जिनमें से एक नवजात की रविवार को इलाज के दौरान मौत हो गई. मृत नवजात बच्चों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है.” हालांकि, जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि बच्­चे की मौत जलने की वजह से नहीं हुई है.

उन्होंने यह भी कहा कि जिन बच्चों का उपचार किया जा रहा है उनमें से कोई भी जलने की वजह से जख्मी नहीं है. उन्होंने बताया कि ये वे बच्चे हैं जिन्हें अस्पताल के कर्मचारियों ने बचाया था. कुमार ने बताया कि एनआईसीयू में भर्ती बच्चों की हालत गंभीर है. जिलाधिकारी ने पत्रकारों को यह भी बताया कि उन्होंने रविवार को मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण किया और पीआईसीयू में भर्ती बच्चों का हालचाल जाना तथा उनके परिजनों से भी बात की.

उन्होंने कहा, “मैंने डॉक्टरों से बात की है और बच्चों की हालत स्थिर है.” कुमार ने कहा, “मृत 10 बच्चों के शव उनके परिजनों को सौंप दिए गए हैं. एक बच्चा हमारे पास था और एक परिवार बच्चे पर दावा कर रहा था. चूंकि कल सत्यापन नहीं हो सका था, इसलिए आज सत्यापन किया गया. सत्यापन के बाद बच्चे को दावा करने वाले परिवार को सौंप दिया गया. अब कोई बच्चा लापता नहीं है.” सुरक्षा व्यवस्था से संबंधित एक सवाल पर कुमार ने कहा कि इस संबंध में उत्तर प्रदेश सरकार ने महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के बच्चों के वार्ड में लगी आग की जांच के लिए शनिवार को चार सदस्यीय समिति बनाई है.

उत्तर प्रदेश के चिकित्सा स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के प्रमुख सचिव पार्थसारथी सेन शर्मा ने इस घटना के संबंध में शनिवार को चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण विभाग के महानिदेशक की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच समिति गठित करने की अधिसूचना जारी की.

अधिसूचना के अनुसार, झांसी मेडिकल कॉलेज में आग लगने की घटना की जांच के लिए गठित समिति तीन बिंदुओं पर जांच करेगी. समिति को प्राथमिक कारण, किसी भी प्रकार की लापरवाही या दोष की पहचान करना और भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं के बचाव के लिए सिफारिशें देने का दायित्व सौंपा गया है.

चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण विभाग के महानिदेशक की अध्यक्षता में निदेशक (स्वास्थ्य) चिकित्सा स्वास्थ्य सेवाएं, अपर निदेशक, विद्युत चिकित्सा स्वास्थ्य सेवाएं और महानिदेशक अग्निशमन द्वारा नामित अधिकारियों को समिति में शामिल किया गया है.
प्रमुख सचिव ने जांच समिति से कहा है कि वह अपनी जांच रिपोर्ट एक सप्ताह के अंदर शासन को उपलब्ध कराए. इस बीच, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने झांसी की घटना का सात संज्ञान लेते हुए राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को शनिवार को नोटिस जारी कर एक हफ्ते के भीतर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है.

समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता फखरुल हसन ने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा कि आयोग ने झांसी में बच्चों की मौत पर संज्ञान लिया है तथा सवाल यह है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) किसी एजेंसी या संगठन को कितनी गंभीरता से लेती है. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में हालात बेहतर नहीं हैं तथा प्रदेश में बच्चों की मौत हुई है और भाजपा सरकार को इन सवालों का जवाब देना पड़ेगा.

नवभारत डिजिटल टॉप स्टोरी

  1. 1 हादसा : 8 छात्रों की डूबने से मौत, समुद्र की लहरों में फंसे तो नही निकल सके, पिकनिक मनाने आए थे सभी दोस्त, देखिए वीडियो
  2. 2 Fight on Flight भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार यूएई अस्पताल भेजे गए, वीडियो में बुरी तरह घायल दिखे, इजरायल-भारत के पीएम ने सराहा, जेहादी पायलट ने लगाए अल्लाहू अकबर के नारे See Video
  3. 3 Share Market  : शेयर बाजार में भारी गिरावट जारी, मारुति सुजूकी टाटा स्टील समेत कई शेयरों में जोरदार बिकवाली, जानिए एक्सपर्ट व्यू
  4. 4 Suruchi Club : महिला उद्यमी रश्मि अग्रवाल प्रेरणा भट्ट मनीषा अग्रवाल मधु अरोरा डॉ प्रिया जोशी संजना बघेल कविता देव ने साझा किए कारोबारी टिप्स, नवभारत की डायरेक्टर यश्वी माहेश्वरी रहीं अतिथि मेजबान
By Yogesh Kumar Sahu