झारखंड : माओ­वादियों के साथ मुठभेड़ में सीआरपीएफ का जवान शहीद, एक घायल

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 11 Aug 2023 09:55 PM
झारखंड : माओ­वादियों के साथ मुठभेड़ में सीआरपीएफ का जवान शहीद, एक घायल
ऑडियो सुनें

चाईबासा. झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में शुक्रवार को सीपीआई (माओवादी) उग्रवादियों के साथ एक मुठभेड़ में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का एक जवान शहीद हो गया जबकि एक जवान घायल हो गया. पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी.

पश्चिम सिंहभूम जिले के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि राज्य की राजधानी रांची से करीब 160 किलोमीटर दूर टोंटो इलाके के एक जंगल में सुबह करीब 11 बजे मुठभेड़ हुई. उन्होंने बताया कि पुलिस और सीआरपीएफ के एक दल ने जंगल में माओवादियों के खिलाफ एक संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया था, जिसके बाद मुठभेड़ हुई. टोंटो पुलिस थाना इलाके में आठ अगस्त से तलाशी अभियान चलाया जा रहा है.

अधिकारी ने बताया, ”मुठभेड़ के दौरान गोलियां लगने से घायल हुए सीआरपीएफ के दो जवानों की पहचान सुशांत कुमार खुंतिया और मुन्ना के रूप में हुई. उन्हें बेहतर उपचार के लिए हवाईमार्ग से रांची लाया गया लेकिन सुशांत ने दम तोड़ दिया.” पुलिस अधिकारी ने चिकित्सकों के हवाले से बताया कि दूसरे जवान की हालत स्थिर है.

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने रांची के धुरवा सेक्टर-2 में स्थित सीआरपीएफ शिविर का दौरा किया और सुशांत को पुष्पांजलि अर्पित की.
अधिकारियों ने बताया कि जारी तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद जब्त किया है. पुलिस ने एक बयान में बताया कि माओवादियों के कुल 11 बंकरों का पता चला है और 17 इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) बरामद की गईं हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav