
बेंगलुरु. अभिनेता कमल हासन ने सोमवार को कर्नाटक उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर राज्य में फिल्म ‘ठग लाइफ’ की सुचारू रिलीज सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा देने का अनुरोध किया है. यह कदम कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स (केएफसीसी) की हाल की घोषणा के जवाब में उठाया गया है, जिसमें उसने कहा था कि वह कर्नाटक में फिल्म के प्रदर्शन की अनुमति तब तक नहीं देगा, जब तक हासन अपने उस बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांग लेते, जिसमें उन्होंने कहा था कि कन्नड़ तमिल से विकसित हुई है.
कर्नाटक में फिल्म निर्माताओं, वितरकों और प्रदर्शकों का प्रतिनिधित्व करने वाली प्रभावशाली संस्था केएफसीसी ने पांच जून को सिनेमाघरों में प्रर्दिशत होने वाली इस फिल्म के बहिष्कार की घोषणा की है. चैंबर ने चेन्नई में एक प्रचार कार्यक्रम के दौरान हासन की टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई और कहा कि जब तक अभिनेता माफी नहीं मांगते, तब तक राज्य में फिल्म को प्रर्दिशत नहीं होने दिया जाएगा. उसने दावा किया कि उसका रुख कर्नाटक के सांस्कृतिक गौरव और भाषाई विरासत की रक्षा के लिए है.
प्रसिद्ध प्रोडक्शन हाउस राज कमल फिल्म्स, जिसे अभिनेता कमल हासन संचालित करते हैं, ने एक याचिका में कहा कि अभिनेता की टिप्पणी, जिसका उद्देश्य तमिलनाडु और कर्नाटक के लोगों के बीच एकता और आपसी सम्मान को दर्शाना था, उसे संदर्भ से हटाकर पेश किया गया.
याचिकाकर्ता ने किसी भी व्यक्ति, समूह या प्राधिकरण (केएफसीसी और सरकारी अधिकारियों सहित) को कर्नाटक में फिल्म के प्रदर्शन में बाधा डालने या प्रतिबंध लगाने से रोकने के लिए निर्देश देने का अनुरोध किया और फिल्म निर्माता, अभिनेताओं, थिएटर मालिकों और दर्शकों को “धमकियों या व्यवधानों” से बचाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था की भी मांग की.
याचिका के अनुसार, हासन द्वारा दिया गया बयान एक व्यापक संदेश का हिस्सा था, जो उन्होंने कन्नड़ अभिनेता शिवा राजकुमार उर्फ शिवन्ना के साथ बातचीत के दौरान दिया था, जिन्होंने कथित तौर पर खुद हासन के इरादों का बचाव किया था. यह प्रतिक्रिया न केवल अनुचित थी, बल्कि अभिनेता के शब्दों को जानबूझकर गलत ढंग से पढ़ने पर आधारित थी. राजकमल फिल्म्स ने कहा कि कर्नाटक सहित दुनिया भर के दर्शक फिल्म की रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जिसकी अनुमानित निर्माण लागत लगभग 300 करोड़ रुपये है.
प्रशंसित फिल्म निर्माता मणिरत्नम द्वारा निर्देशित यह फिल्म कमल हासन के साथ उनकी दूसरी फिल्म है, जिसमें त्रिशा कृष्णन और सिलंबरासन टी आर मुख्य भूमिका में हैं, तथा संगीत ए आर रहमान ने दिया है. अदालत का दरवाजा खटखटाने से पहले फिल्म निर्माताओं ने पुलिस सहित राज्य प्राधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर फिल्म के प्रदर्शन के लिए “सुरक्षा” का आश्वासन मांगा था. हालांकि, कोई सकारात्मक प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर निर्माताओं ने कानूनी समाधान के लिए उच्च न्यायालय का रुख किया है. उच्च न्यायालय ने अभी तक मामले को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध नहीं किया है.
उपमुख्यमंत्री शिवकुमार ने कमल हासन के बयान से उठे विवाद के बीच लोगों से शांति की अपील की
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने अभिनेता कमल हासन के हालिया बयान से उत्पन्न विवाद के बीच सोमवार को शांति और धैर्य की अपील की. कमल हासन ने हाल में कहा था कि कन्नड़ की उत्पत्ति तमिल से हुई है. अभिनेता के बयान पर टिप्पणी करने से इनकार करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वह इस मुद्दे को राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाना चाहते हैं.
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ” मुझे इस मुद्दे के बारे में नहीं पता है, इसलिए मैं अपने रिकॉर्ड देखूंगा और फिर बोलूंगा. मैं इसे राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाना चाहता. हम सभी पड़ोसी हैं, हम सभी को साथ मिलकर काम करना है, साथ मिलकर रहना है. हमारा पानी तमिलनाडु जाता है. तमिलनाडु के लोग यहां आते हैं. हम दुश्मन नहीं हैं. हम सभी दोस्त हैं.” उन्होंने लोगों को याद दिलाया कि जीवन में कुछ भी स्थायी नहीं है. शिवकुमार ने कहा, ”मैं सभी से शांत और धैर्य बनाये रखने का आह्वान करना कहना चाहूंगा.”



