कर्नाटक भाजपा ने कांग्रेस नेता पर प्रधानमंत्री को अपशब्द कहने का आरोप लगाया

बेंगलुरु. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई ने कांग्रेस नेता जीएस मंजूनाथ पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को अपशब्द कहने का सोमवार को आरोप लगाया और सोशल मीडिया मंच पर उनकी टिप्पणी का कथित वीडियो साझा किया. वीडियो में वह कन्नड़ भाषा में कहते हुए सुने जा सकते हैं, “… अगर मैं उनसे मिलता तो मैं उन्हें अपनी चप्पल से पीटता.” माना जाता है कि यह टिप्पणी लोकसभा चुनाव से पहले हाल में एलजीपी सिलेंडर की कीमत में कटौती के संदर्भ में थी. हालांकि भाजपा द्वारा साझा किया गए वीडियो में प्रधानमंत्री का कोई जिक्र नहीं है.

भाजपा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर वीडियो पोस्ट करते हुए कहा, “नरेन्द्र मोदी 140 करोड़ भारतीयों के गौरवशाली प्रधानमंत्री हैं और उनकी प्रशासनिक शैली की दुनिया भर में प्रशंसा होती है. लेकिन हमारे प्रधानमंत्री को देखकर कांग्रेस नेताओं के पेट में दर्द होने लगता है.” पार्टी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से लेकर मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और कांग्रेस के श्रम कल्याण बोर्ड के “निकम्मे” उपाध्यक्ष जीएस मंजूनाथ ने प्रधानमंत्री को अपशब्द कहे हैं. पार्टी ने कहा, ” कांग्रेस नेताओं ने यही संस्कृति सीखी है.”

Related Articles

Back to top button