कर्नाटक: बेंगलुरु में पीछा कर बाइक को टक्कर मारने के आरोप में दंपत्ति गिरफ्तार

बेंगलुरु. कर्नाटक के बेंगलुरु में तेज रफ्तार एक कार ने एक दोपहिया वाहन को टक्कर मार दी, जिससे 24 वर्षीय ‘गिग वर्कर’ की मौत हो गई और उसका दोस्त घायल हो गया. पुलिस ने यह जानकारी दी. ‘गिग वर्कर्स’ उन श्रमिकों को कहा जाता है जिनका काम अस्­थायी होता है. पुलिस ने बुधवार को बताया कि बदला लेने की इस घटना को जानबूझकर अंजाम दिया गया था.

पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर को रात सा­ढ़े 11 बजे पुट्टेनहल्ली थानाक्षेत्र में हुई इस घटना के सिलसिले में पति-पत्नी को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने बताया कि कार सवार ने दोपहिया वाहन को पीछे से टक्कर मारी और मौके से फरार हो गया. पुलिस के मुताबिक, दोपहिया वाहन चालक दर्शन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसका दोस्त व पीछे बैठा वरुण (24) गंभीर रूप से घायल हो गया और उन्हें इलाज के लिए पास के अस्पताल ले जाया गया.

पुलिस ने बताया कि शुरुआत में जेपी नगर यातायात पुलिस ने दुर्घटनावश मृत्यु का मामला दर्ज किया था. पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) लोकेश जगलासर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद जांचकर्ताओं ने पाया कि कार चालक ने दोपहिया वाहन का पीछा किया और जानबूझकर घटना को अंजाम दिया.

उन्होंने बताया, “प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दोपहिया वाहन सवारों ने पहले कार को टक्कर मारी थी, जिससे उसका साइड मिरर टूट गया था. गुस्से में आकर कार चालक ने पहले दोपहिया वाहन का पीछा किया और फिर कार को टक्कर मार दी, जिससे दर्शन की मौत हो गई.” पुलिस ने बताया कि आरोपी शारीरिक शिक्षा का शिक्षक है और वह अपनी पहचान छिपाने के लिए अपनी पत्नी के साथ घटना के बाद नकाब पहनकर कथित रूप से घटनास्थल पर लौटा था.

पुलिस के मुताबिक, पति-पत्नी ने सबूत मिटाने के इरादे से घटनास्थल से अपने वाहन के टूटे हुए हिस्से इकट्ठा किए. पुट्टेनहल्ली थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत हत्या और सबूत नष्ट करने का मामला दर्ज किया गया है. अधिकारियों ने बताया कि पति-पत्नी दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button