कर्नाटक सरकार ने जैन मुनि की हत्या की CID जांच की घोषणा की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 19 Jul 2023 08:18 PM
कर्नाटक सरकार ने जैन मुनि की हत्या की CID जांच की घोषणा की
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने बेलगावी जिले में जैन मुनि आचार्य श्री कामकुमार नंदी महाराज की निर्मम हत्या की जांच पुलिस के अपराध जांच विभाग (सीआईडी) से कराने की घोषणा की है. विपक्षी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और जैन समुदाय के एक वर्ग ने इस मामले की जांच केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) से कराने की मांग की थी.

सिद्धरमैया ने बुधवार को विधानसभा में एक बयान में कहा, ” चूंकि, यह मामला संवेदनशील है इसलिए जनता के अनुरोध के बाद इस मामले की जांच सीआईडी को सौंपी जाएगी. ” मुख्यमंत्री ने इस घटना और अब तक की जांच का विवरण भी साझा किया. नंदी पर्वत आश्रम के जैन मुनि कामकुमार नंदी महाराज बेलगावी के चिक्कोडी तालुक के हिरेकोडी में एक मठ के प्रमुख थे. उनकी कथित तौर पर हत्या करने के बाद शव को रायबाग तालुक के खटकभावी गांव में एक बोरवेल के गड्ढे में फेंक दिया गया था. पुलिस ने इस मामले में नारायण बसप्पा मडी और हसन दलायथ को गिरफ्तार किया है.

विपक्षी भाजपा ने हत्या की सीबीआई जांच की मांग को लेकर विधानसभा के अंदर और बाहर दोनों जगह विरोध प्रदर्शन किया था. भाजपा ने इस संबंध में कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत को भी याचिका दी थी. राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष ने हाल ही में मुख्यमंत्री सिद्धरमैया को पत्र लिखकर जैन मुनि की हत्या की जांच पुलिस महानिरीक्षक स्तर के एक बहुत वरिष्ठ अधिकारी को सौंपने के लिए कहा था ताकि साजिश का पर्दाफाश’ किया जा सके और ‘असली अपराधियों’ को गिरफ्तार किया जा सके.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu