पता ‘लोक कल्याण मार्ग’ रख लेने से लोगों का कल्याण नहीं होता: राहुल

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 04 Jun 2022 01:22 PM
पता ‘लोक कल्याण मार्ग’ रख लेने से लोगों का कल्याण नहीं होता: राहुल
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ) में जमा राशि पर ब्याज दर 8.1 प्रतिशत किए जाने को लेकर शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पता (प्रधानमंत्री आवास) ‘लोक कल्याण मार्ग’ कर लेने से लोगों का कल्याण नहीं होता।

राहुल ने ट्वीट किया, “घर का पता ‘लोक कल्याण मार्ग’ रख लेने से लोगों का कल्याण नहीं होता। प्रधानमंत्री ने साढ़े छह करोड़ कर्मचारियों के वर्तमान और भविष्य को बर्बाद करने के लिए ‘महंगाई बढ़ाओ, कमाई घटाओ’ मॉडल को लागू किया है।” उन्होंने एक ग्राफ भी साझा किया, जिसमें दर्शाया गया है कि 2015-16 में ईपीएफ पर ब्याज दर 8.8 प्रतिशत थी, जो अब घटकर 8.1 प्रतिशत हो गई है।

सरकार ने कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के करीब पांच करोड़ अंशधारकों को वर्ष 2021-22 के लिए भविष्य निधि जमा पर 8.1 प्रतिशत ब्याज देने को मंजूरी दे दी है। बीते चार दशकों में यह ईपीएफ पर मिलने वाली सबसे कम ब्याज दर है।

इस साल मार्च में ही ईपीएफओ के केंद्रीय न्यासी बोर्ड (सीबीटी) ने 2021-22 के लिए देय ब्याज दर को 2020-21 के 8.5 प्रतिशत से घटाकर 8.1 प्रतिशत करने का निर्णय किया था।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav