नारायण के बल्ले से छक्कों की बौछार के बीच केकेआर के सात विकेट पर 272 रन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 03 Apr 2024 10:22 PM
नारायण के बल्ले से छक्कों की बौछार के बीच केकेआर के सात विकेट पर 272 रन
ऑडियो सुनें

विशाखापत्तनम. सुनील नारायण के बल्ले से छक्कों की बौछार के और युवा अंगकृष रघुवंशी के आईपीएल में बल्लेबाजी में पदार्पण पर अर्धशतक के दम पर कोलकाता नाइट राइडर्स ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ बुधवार को सात विकेट पर 272 रन बनाये. अपना आक्रामक फॉर्म जारी रखते हुए नारायण ने दिल्ली के सभी गेंदबाजों की धुनाई की . उन्होंने 39 गेंद में सात छक्कों और सात चौकों की मदद से 85 रन बनाये.

दिल्ली ने उन्हें 53 के स्कोर पर जीवनदान दिया जो महंगा साबित हुआ और नारायण ने टी20 क्रिकेट में अपना सर्वोच्च स्कोर बना डाला. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ अपने पहले आईपीएल मैच में बल्लेबाजी का मौका नहीं मिलने के बाद रघुवंशी ने 27 गेंद में 54 रन बनाये. नारायण और रघुवंशी ने 48 गेंद में 104 रन की साझेदारी की. आंद्रे रसेल ने 19 गेंद में 41 और रिंकू सिंह ने आठ गेंद में 26 रन बनाये. दिल्ली के गेंदबाजों ने टीम के इतिहास में किसी मैच में सबसे ज्यादा रन गंवाये . केकेआर के बल्लेबाजों ने 18 छक्के और 28 चौके जड़े.

नारायण ने खलील अहमद को डीप प्वाइंट पर पहला चौका लगाया . उन्होंने ईशांत शर्मा के चौथे ओवर में तीन छक्के और दो चौके समेत 26 रन बंटोरे. दूसरी ओर फिल साल्ट को डेविड वॉर्नर से जीवनदान मिला लेकिन वह उसका फायदा नहीं उठा सके और अगली गेंद पर आउट हो गए. इसके बाद 18 वर्ष के अंगकृष मैदान पर उतरे और पहली ही गेंद पर चौका लगाया. दूसरी गेंद को भी उन्होंने सीमारेखा पर पहुंचाया . दिल्ली के गेंदबाज इन दोनों बल्लेबाजों पर अंकुश नहीं लगा सके . नारायण और अंगकृष लगातार दो ओवरों में आउट हुए लेकिन उसके बाद रसेल ने रनों का प्रवाह जारी रखा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu