कोरबा : बिजली का करंट लगने से जंगली हाथी की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 27 Nov 2023 07:23 PM
ऑडियो सुनें

कोरबा. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में बिजली के करंट की चपेट में आने से एक जंगली हाथी की मौत हो गई. वन विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि वन विभाग ने कटघोरा वन मंडल के पसान वन परिक्षेत्र के अंतर्गत पनगवां बैगापारा गांव के करीब जंगली हाथी का शव बरामद किया. हाथी की मौत करंट लगने के कारण हुई है.

कटघोरा वन मंडल के अधिकारी कुमार निशांत ने बताया कि बीते कुछ दिनों से 50 हाथियों का झुंड पसान वन क्षेत्र में विचरण कर रहा है. कुमार ने बताया कि इस झुंड से अलग एक हाथी पनगवां गांव के बैगापारा के करीब दो पहाड़ी के बीच बने रास्ते से गुजर रहा था तभी वह बिजली विभाग की 11 केवी विद्युत लाइन के संपर्क में आ गया जिससे उसकी मौत हो गई.

कुमार ने बताया कि बिजली विभाग ने क्षेत्र में बिजली आपूर्ति के लिए 11 केवी का तार बिछाया है. यह तार जमीन से केवल 10 फुट की ऊंचाई पर है जिसके कारण हाथी करंट की चपेट में आया. उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा 14 नवंबर को एक पत्र बिजली विभाग को भेजा गया था, लेकिन इसके बावजूद बिजली विभाग ने कोई कारगर कदम नहीं उठाया. अधिकारी ने बताया कि हाथी की मौत के मामले में बिजली विभाग के स्थानीय अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कराया जाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu