कमल हासन को अदालत जाने दें, लेकिन कोई भी सिनेमाघर ‘ठग लाइफ’ नहीं दिखाएगा : केएफसीसी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 02 Jun 2025 08:50 PM
कमल हासन को अदालत जाने दें, लेकिन कोई भी सिनेमाघर ‘ठग लाइफ’ नहीं दिखाएगा : केएफसीसी
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष एम नरसिम्हालु ने सोमवार को कहा कि अभिनेता कमल हासन को अदालत जाने दीजिए, लेकिन प्रदेश में कोई भी सिनेमाघर उनकी फिल्म ‘ठग लाइफ’ प्रर्दिशत नहीं करेगा. वह इस खबर पर प्रतिक्रिया दे रहे थे कि फिल्म के सह-निर्माता राज कमल इंटरनेशनल ने सुरक्षा के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाया है. ‘पीटीआई वीडियो’ से बात करते हुए नरसिम्हालु ने कहा कि उन्हें मीडिया में खबर आने के बाद ही पता चला कि हासन के ‘प्रोडक्शन हाउस’ ने कर्नाटक उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया है.

नरसिम्हालु ने कहा, “हम अपने कानूनी दल से भी बात करेंगे. यह सिर्फ फिल्म उद्योग का मामला नहीं है, यह राज्य और भाषा का मामला बन गया है. हमें इस बारे में सरकार से पत्र मिला है. इसलिए कन्नड़ समर्थक संगठनों, राजनेताओं और राज्य के लोगों समेत सभी ने माफी की मांग की है. उन्हें अदालत जाने दीजिए. हमने कानून के खिलाफ कुछ नहीं किया है. यहां, हमारे किसी भी थिएटर में इसे नहीं दिखाया जाएगा.” उन्होंने कहा कि वितरकों ने उन्हें बताया है कि वे मंगलवार को हासन से बात करने के बाद किसी निर्णय पर पहुंचेंगे, जो इस समय दुबई में फिल्म के प्रचार के लिए गए हुए हैं.

नरसिम्हालु ने कहा, “इसलिए उनसे बात करने के बाद वे हमें अपना फैसला बताएंगे. हम अदालती संरक्षण के कदम पर भी चर्चा करेंगे और फैसला लेंगे.” उन्होंने कहा कि यहां तक ??कि दक्षिण भारतीय फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स ने भी हासन से संपर्क करने की कोशिश की है. अभिनेता ने सोमवार को कर्नाटक उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर राज्य में फिल्म ‘ठग लाइफ’ की सुचारू रिलीज सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा की मांग की.

यह कदम कर्नाटक फिल्म चैंबर ऑफ कॉमर्स (केएफसीसी) की हाल की घोषणा के जवाब में उठाया गया है, जिसमें उसने कहा था कि वह कर्नाटक में फिल्म के प्रदर्शन की अनुमति तब तक नहीं देगा, जब तक हासन अपने उस बयान के लिए सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांग लेते, जिसमें उन्होंने कहा था कि कन्नड़ तमिल से विकसित हुई है. हासन ने स्पष्ट किया था कि कन्नड़ पर उनकी टिप्पणी प्रेम से प्रेरित होकर की गयी थी और “प्रेम कभी माफी नहीं मांगेगा”.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu