सीधी पेशाब कांड में पीड़ित आदिवासी के लिए मप्र सरकार ने 6.5 लाख रुपये की सहायता मंजूर की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 07 Jul 2023 08:38 PM
सीधी पेशाब कांड में पीड़ित आदिवासी के लिए मप्र सरकार ने 6.5 लाख रुपये की सहायता मंजूर की
ऑडियो सुनें

भोपाल. मध्यप्रदेश सरकार ने सीधी पेशाब कांड के पीड़ित आदिवासी व्यक्ति को पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है और उसके घर के निर्माण के लिए डेढ. लाख रुपये की अतिरिक्त राशि प्रदान की है. एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.
यह मदद मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा भोपाल में अपने आवास पर पीड़ित दशमत रावत के पैर धोने और अपमानजनक घटना पर उससे माफी मांगने के एक दिन बाद आई है.

सीधी जिला कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर, रावत के लिए पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता और घर के निर्माण के लिए डेढ. लाख रुपये (कुल 6.5 लाख रुपये) की अतिरिक्त सहायता मंजूर की गई है. प्रदेश के सीधी जिले में प्रवेश शुक्ला नामक युवक ने रावत पर पेशाब कर दिया था, जिसका वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर वायरल हो गया . इसके बाद पुलिस ने शुक्ला के खिलाफ मामला दर्ज कर बुधवार को उसे गिरफ्तार कर लिया.

एक अधिकारी ने पहले कहा था कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता और एससी/एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम के तथा कड़े राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत भी कार्रवाई शुरू की गई है. बृहस्पतिवार को चौहान ने चेतावनी दी कि अन्याय पूर्ण कार्य करने वालों और गरीबों के खिलाफ गलत काम करने वालों को कड़ी सजा दी जाएगी.

प्रदेश में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने है. सीधी पेशाब कांड ने प्रदेश में एक राजनीतिक विवाद पैदा कर दिया है. विपक्षी कांग्रेस ने इस घटना को लेकर सत्तारूढ. भाजपा पर हमला किया है और पीड़ित के पैर धोने के चौहान के कृत्य को महज एक नाटक बताया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu