भाजपा के लिए मध्यपदेश से भी बड़ी प्रयोगशाला बन गया है महाराष्ट्र : अखिलेश यादव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 02 Jul 2023 09:47 PM
भाजपा के लिए मध्यपदेश से भी बड़ी प्रयोगशाला बन गया है महाराष्ट्र : अखिलेश यादव
ऑडियो सुनें

लखनऊ. समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए मध्य प्रदेश की तुलना में महाराष्ट्र ज्यादा ‘बड़ी प्रयोगशाला’ बनकर उभरा है. अखिलेश ने पार्टी कार्यालय में संवाददाताओं से बातचीत में एक सवाल पर कहा, “महाराष्ट्र में जो कुछ भी हो रहा है…मध्यप्रदेश पहले भाजपा की प्रयोगशाला थी. महाराष्ट्र उससे भी बड़ी प्रयोगशाला बन गया है. आप इसे 2024 के लोकसभा चुनाव तक देखेंगे. भाजपा कई नए प्रयोग करेगी, क्योंकि उसे सत्ता में रहना है. उसे सत्ता से बाहर नहीं जाना है.”

उन्होंने कहा, “गरीबों, किसानों, ‘बहुजनों’, उत्पीड़ितों को कोई जगह नहीं मिल सकती है, लेकिन उन्हें (भाजपा) सत्ता में जगह मिलनी चाहिए.” सपा प्रमुख की टिप्पणी महाराष्ट्र में हुए इस राजनीतिक घटनाक्रम की पृष्ठभूमि में महत्वपूर्ण है जिसमें राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के वरिष्ठ नेता अजित पवार ने पार्टी में विभाजन कर दिया और रविवार को एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली महाराष्ट्र सरकार में उपमुख्यमंत्री के रूप में शामिल हो गए. राजभवन में आयोजित समारोह में राज्यपाल रमेश बैंस ने जहां अजित पवार को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई वहीं एनसीपी के आठ अन्य नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ली.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu