
नयी दिल्ली. पाकिस्तानी अभिनेत्री महनूर बलोच की शाहरुख खान के बारे में टिप्पणी से सोशल मीडिया पर हंगामा मच गया है. बलोच ने कहा है कि हिंदी सिनेमा अभिनेता शाहरुख खान को पारंपरिक कसौटी पर सुंदर नहीं कहा जा सकता और उन्हें अभिनय नहीं आता.
पाकिस्तानी फिल्मों “मैं हूं शाहिद अफरीदी” और “टोर्न” के साथ-साथ “अपनी-अपनी लव स्टोरी” और “तलाफी” जैसे धारावाहिकों में अभिनय के कारण मशहूर बलोच ने समा टीवी चैनल पर कार्यक्रम ‘हद कर दी’ में यह टिप्पणी की.
उन्होंने कहा, ”’शाहरुख खान का व्यक्तित्व बहुत अच्छा है, लेकिन अगर आप उन्हें सुंदरता के पारंपरिक कसौटी के हिसाब से देखें तो वह उस दायरे में नहीं आते. उन्होंने कहा, ”बात सिर्फ इतनी है कि उनका व्यक्तित्व और आभा इतनी मजबूत है कि वह अच्छे दिखते हैं. उनके पास वह चीज (आभा) है.” बलोच (53) ने ‘पठान’ फिल्म के अभिनेता शाहरुख खान के अभिनय कौशल पर भी सवाल उठाया, लेकिन साथ ही कहा कि वह खुद को अच्छी तरह से बाजार में उतारना जानते हैं.
बलोच ने कहा, ”शाहरुख खान के बारे में मेरी राय है कि वह अभिनय नहीं जानते. वह एक महान व्यवसायी हैं, वह जानते हैं कि खुद को बाजार में कैसे लाना है. यह मेरी राय है. मुझे यकीन है कि उनके कई प्रशंसक हैं जो सोचते हैं कि मैं गलत हूं और यह ठीक है. उनका व्यक्तित्व अच्छा है, वह अपनी ‘मार्केटिंग’ अच्छी तरह से करते हैं.” हालाँकि, उन्होंने 1993 की फिल्म “डर” में शाहरुख के अभिनय की प्रशंसा की.
शाहरुख खान के कट्टर प्रशंसकों को बलोच की टिप्पणी पसंद नहीं आयीं और उनमें से कई ने बलोच की आलोचना की. शाहरुख खान के एक प्रशंसक ने सोशल मीडिया पर लिखा, ”वह (बलोच) क्या बकवास कह रही है…एसआरके (शाहरुख खान) एक उच्च कोटि के अभिनेता हैं.” एक अन्य प्रशंसक ने कहा कि बलोच एक साक्षात्कार में शाहरुख के बारे में टिप्पणी करके लोकप्रियता हासिल करने की कोशिश कर रही हैं.



