
नयी दिल्ली. दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष और आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सदस्य स्वाति मालीवाल ने सोमवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के निजी स्टाफ के एक सदस्य द्वारा उन पर ‘हमला’ किए जाने का आरोप लगाया. मालीवाल सोमवार को सिविल लाइंस थाने पहुंचीं और यह आरोप लगाया. पुलिस को अब तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत नहीं मिली है. पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी.
मालीवाल की इस पूरे मामले पर प्रतिक्रिया प्राप्त करने के लिए संदेश भेजा और कॉल किया गया लेकिन कोई जवाब नहीं आया. दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास और सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) की ओर से भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है. पुलिस उपायुक्त (उत्तर) एम.के. मीणा ने संवाददाताओं को बताया कि सुबह 9 बजकर 34 मिनट पर पुलिस को पीसीआर कॉल आया जिसमें महिला ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास में उनपर हमला हुआ है.
उन्होंने बताया, ”कुछ समय बाद सांसद महोदया पुलिस थाने आईं. हालांकि, वह यह कहकर लौट गईं कि शिकायत बाद में करेंगी.” एक अन्य अधिकारी ने बताया कि फोन कॉल मालीवाल के मोबाइल फोन से आया था और वह स्वयं बात कर रही थीं. अधिकारी ने बताया, ”उन्होंने बताया कि वह मुख्यमंत्री आवास से बोल रही हैं और यहां के कर्मचारी ने उन पर हमला किया है.” ” उन्होंने बताया कि कॉल के तुरंत बाद सिविल लाइन्स पुलिस थाना की टीम मुख्यमंत्री आवास पहुंची. थाना प्रभारी ने मालीवाल से मुलाकात की और उन्होंने कहा कि वह पुलिस थाना आ रही हैं.
अधिकारी के मुताबिक मालीवाल पूर्वाह्न 10 बजे थाना पहुंची. उन्होंने कहा, ”पुलिस थाने में उन्होंने सूचना दी कि हमले की प्राथमिकी के लिए चिकित्सा परीक्षण आवश्यक है. वह करीब पांच मिनट तक थाने में रहीं और बिना शिकायत दर्ज कराए लौट गईं. उन्होंने कहा कि वह वापस आएंगी.” भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है. उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ”अगर ऐसी घटना किसी भी महिला के साथ होती है तो उसे न्याय मिलना चाहिए.”



