खराब मौसम के कारण विमान की आपात लैंडिंग के दौरान घायल हुईं ममता बनर्जी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 27 Jun 2023 09:36 PM
खराब मौसम के कारण विमान की आपात लैंडिंग के दौरान घायल हुईं ममता बनर्जी
ऑडियो सुनें

सिलीगुड़ी/कोलकाता. पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का हेलीकॉप्टर मंगलवार दोपहर को खराब मौसम के कारण सिलीगुड़ी के समीप सेवोके हवाई अड्डे पर आपात स्थिति में उतरा, जिसके कारण उन्हें चोट आयी हैं. अधिकारियों ने बताया कि बनर्जी को हवाई अड्डे पर हेलीकॉप्टर से उतरने की कोशिश के दौरान कमर तथा पैरों में चोटें आयीं. बाद में वह बागडोगरा हवाई अड्डे से एक विमान से कोलकाता लौटीं.

एक अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री को कोलकाता पहुंचने के तुरंत बाद सरकारी एसएसकेएम हॉस्पिटल ले जाया गया जहां उनका एमआरआई कराया गया. एक चिकित्सक ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘चोटें गंभीर नहीं लग रही हैं. हम एमआरआई रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं.’’ उन्होंने बताया कि कई विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मुख्यमंत्री की जांच की.

अधिकारी ने बताया कि बनर्जी की रिपोर्ट आने के बाद ही यह फैसला लिया जाएगा कि उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया जाए या नहीं.
इससे पहले, पायलट ने बागडोगरा हवाई अड्डे जाने के रास्ते में खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर के भयानक तरीके से डगमगाने के बाद आपात लैंंिडग करने का फैसला किया.

इसके बाद तृणमूल कांग्रेस प्रमुख बागडोगरा हवाई अड्डे तक सड़क मार्ग से गयीं और फिर उन्होंने कोलकाता के लिए उड़ान भरी.
वह आठ जुलाई को होने वाले पंचायत चुनावों के लिए प्रचार करने उत्तरी जिलों के दो दिवसीय दौरे के बाद कोलकाता लौट रही थीं.
सूत्रों ने बताया कि राज्यपाल सी वी आनंद बोस ने बनर्जी से टेलीफोन पर बातचीत की और उनका हालचाल पूछा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu