बांग्लादेश पर ममता का बयान छवि बचाने की कोशिश : शुभेंदु अधिकारी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 09 Dec 2024 10:12 PM
बांग्लादेश पर ममता का बयान छवि बचाने की कोशिश : शुभेंदु अधिकारी
ऑडियो सुनें

कोलकाता. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का बांग्लादेश की स्थिति पर विधानसभा में दिया गया बयान कुछ और नहीं, बल्कि ”अपनी छवि बचाने का प्रयास” है.

बनर्जी ने कुछ बांग्लादेशी नेताओं के इन भड़काऊ बयानों पर सोमवार को कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की जिनमें कहा गया है कि बांग्लादेश कुछ ही दिनों में बंगाल, बिहार और ओडिशा पर कब्जा कर सकता है. बनर्जी ने इन बयानों को खारिज करते हुए इन्हें ‘बेतुका’ करार दिया और कहा कि ”आप बंगाल, बिहार और ओडिशा पर कब्जा करेंगे और हम बैठकर लॉलीपाप खाते रहेंगेह्व? पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता अधिकारी ने यह भी दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस के मंत्रियों और विधायकों को पड़ोसी देश बांग्लादेश में अत्याचार की घटनाओं के खिलाफ रैलियां करने की अनुमति दी गई थी जबकि ”हिंदुओं को इसी तरह का मार्च आयोजित करने के लिए अदालत का रुख करना पड़ता है”.

अधिकारी ने संवाददाताओं से कहा, ”वह अपनी छवि बचाने के लिए ये सब कह रही हैं. उनके मंत्री सिद्दीकुल्ला चौधरी मोहम्मद यूनुस की तारीफ कर रहे हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आलोचना कर रहे हैं. उनके अन्य मंत्रियों जैसे फिरहाद हकीम और दोहा सिद्दीकी को बांग्लादेश की घटनाओं के खिलाफ कोई भी मार्च निकालने के लिए रानी रश्मोनी रोड का उपयोग करने की अनुमति हैलेकिन, जब हिंदू कोई विरोध प्रदर्शन करने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें कलकत्ता उच्च न्यायालय का रुख करना पड़ता है.” भाजपा नेता ने बनर्जी पर उनके उस बयान के लिए भी निशाना साधा जिसमें उन्होंने कहा था कि पश्चिम बंगाल में तनाव पैदा करने के लिए (बांग्लादेश की स्थिति के संबंध में) फर्जी वीडियो प्रसारित करने के लिए एक ”विशेष राजनीतिक दल” जिम्मेदार है.

भाजपा नेता ने दावा करते हुए कहा, ”ममता बनर्जी फर्जी व्याख्यान दे रही हैं. बांग्लादेश में इतनी सारी घटनाएं हो चुकी हैं. क्या ये वीडियो फर्जी हैं? गोपालगंज में हिंदुओं को जिंदा जला दिया गया. प्रभु जगन्नाथ के मंदिर में तोड़फोड़ की गई और इस्कॉन के भक्तों पर अत्याचार किया जा रहा है. क्या ये वीडियो फर्जी हैं? कुछ लोग पश्चिम बंगाल में बनी साड़ियां जला रहे हैं.” उन्होंने कहा, ”ममता खुद फर्जी हैं और अपनी तुष्टिकरण की राजनीति के कारण सदन में ये सब झूठी और राजनीति से प्रेरित बातें कह रही हैं. ”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu