व्यक्ति ठेले पर पत्नी को लेकर पहुंचा अस्पताल, जांच के आदेश

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 05 Apr 2022 01:48 PM
व्यक्ति ठेले पर पत्नी को लेकर पहुंचा अस्पताल, जांच के आदेश
ऑडियो सुनें

बलिया. उत्तर प्रदेश में बलिया के एक अस्पताल में वृद्ध द्वारा अपनी पत्नी को ठेले पर ले कर पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना जिले के अंदौर गांव की है।

इस वीडियो में अंदौर गांव का रहने वाला सकुल प्रजापति अपनी बीमार पत्नी जोगनी (55) को ठेले पर लेकर अस्पताल जाता दिखाई दे रहा है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी नीरज पांडे ने मंगलवार को बताया कि उप मुख्यमंत्री पाठक ने महानिदेशक (चिकित्सा एवं स्वास्थ्य) को मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

इस बारे में पूछे जाने पर सकुल ने बताया कि 28 मार्च को पत्नी को अस्पताल ले जाने का कोई साधन नहीं मिला तो वह उसे ठेले पर लेकर चिकलहार स्वास्थ्य केंद्र चला गया, जो उसके घर से तीन किलोमीटर दूर है। उसने बताया कि चिकित्सकों ने कुछ दवाएं देकर उसकी पत्नी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया जिसके बाद वह अपनी पत्नी को पियारिया गांव में ठेले पर ही छोड़कर कपड़े और पैसे लेने घर गया और फिर पत्नी को टेंपो से लेकर अस्पताल पहुंचा।

पुलिस ने बताया कि अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी पत्नी की मौत हो गई। सकुल ने दावा किया कि उसकी पत्नी की मौत रात करीब 11 बजे हुई, और अस्पताल ने शव घर ले जाने के लिए एम्बुलेंस मुहैया नहीं कराई जिसके बाद उसने 1100 रुपये में निजी एम्बुलेंस की।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav