इंडोनेशिया में ज्वालामुखी विस्फोट से कई मकानों को पहुंचा नुकसान, कम से कम 10 लोगों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 04 Nov 2024 09:32 PM
इंडोनेशिया में ज्वालामुखी विस्फोट से कई मकानों को पहुंचा नुकसान, कम से कम 10 लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

मौमेरे. इंडोनेशिया के फ्लोरेस द्वीप में ज्वालामुखी में हुए विस्फोटों के कारण कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई है. इंडोनेशिया की आपदा प्रबंधन एजेंसी ने सोमवार को यह जानकारी दी. माउंट लेवोटोबी लाकी लाकी के एक अधिकारी फरमान यूसुफ ने बताया कि सोमवार को आधी रात के बाद हुए विस्फोट के कारण 2,000 मीटर ऊंचाई तक राख हवा में फैल गई और गर्म राख ने पास के कई गांवों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे कैथोलिक ननों के एक कॉन्वेंट सहित कई मकान जल गए.

राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी के प्रवक्ता अब्दुल मुहरी ने बताया कि बचावकर्मी ज्वालामुखी विस्फोटों के कारण ढहे हुए मकानों के मलबे के नीचे दबे शवों की अब भी तलाश कर रहे हैं. मुहरी ने बताया कि इस घटना में सभी शव ज्वालामुखी के मुहाने के चार किलोमीटर के दायरे में पाए गए.

उन्होंने बताया कि ज्वालामुखी विस्फोटों से वुलांगिटांग जिले के छह गांवों और इले बुरा जिले के चार गांव प्रभावित हुए हैं और यहां रह रहे कम से कम 10,000 लोगों पर इसका असर पड़ा. देश की ज्वालामुखी विज्ञान एजेंसी ने ज्वालामुखी विस्फोट बढ़ने के साथ ही चेतावनी की स्थिति को उच्चतम स्तर तक बढ़ा दिया है और निषिद्ध क्षेत्र के दायरे को सोमवार को आधी रात के बाद बढ़ाकर सात किलोमीटर कर दिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu