गढ़चिरौली में पुलिस मुखबिर होने के संदेह में माओवादियों ने की एक व्यक्ति की हत्या

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 02 Feb 2025 07:59 PM
गढ़चिरौली में पुलिस मुखबिर होने के संदेह में माओवादियों ने की एक व्यक्ति की हत्या
ऑडियो सुनें

गढ़चिरौली. महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में माओवादियों ने पुलिस का मुखबिर होने के संदेह में 45 वर्षीय व्यक्ति की रविवार को हत्या कर दी. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि यह घटना रविवार तड़के दक्षिण गढ़चिरौली के भामरागढ़ तहसील के अंतर्गत किएर गांव में हुई.

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार माओवादियों ने एक ”निर्दोष आम नागरिक” की गला घोंटकर हत्या कर दी. उन्होंने बताया कि मारे गए व्यक्ति की पहचान किएर गांव निवासी सुखराम मडावी के रूप में की गई है. उन्होंने बताया कि शव के पास मिले पर्चे में माओवादियों ने यह झूठा दावा किया है कि सुखराम पुलिस का मुखबिर था और उसने जिले के पेनगुंडा इलाके सहित कई जगहों पर नए शिविर खोलने में पुलिस की मदद की थी. अधिकारी ने बताया कि माओवादियों द्वारा यहां किसी आम नागरिक की हत्या किए जाने का इस साल यह पहला मामला है. पुलिस ने बताया कि घटना की जांच जारी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu