मेटा ने ट्विटर को टक्कर देने वाला एक नया ऐप ‘थ्रेड्स’ जारी किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 06 Jul 2023 08:12 PM
मेटा ने ट्विटर को टक्कर देने वाला एक नया ऐप ‘थ्रेड्स’ जारी किया
ऑडियो सुनें

लंदन. बहुराष्ट्रीय कंपनी मेटा ने सोशल मीडिया मंच ‘ट्विटर’ को टक्कर देने के लिए नया ऐप ‘थ्रेड्स’ जारी किया है. यह नया ऐप उद्योगपति एलन मस्क के स्वामित्व वाले माइक्रो ब्लॉगिंग मंच को सीधी चुनौती देगा. ‘थ्रेड्स’ मेटा के तस्वीर साझा करने वाले ऐप इंस्टाग्राम का ‘टेक्स्ट’ (विचार/संदेश) साझा करने वाला संस्करण है. कंपनी के अनुसार, यह ऐप ‘ताजा अद्यतन जानकारी और सार्वजनिक वार्तालाप के लिए एक नया मंच’ प्रदान करेगा.

यह ऐप बुधवार आधी रात के बाद अमेरिका, ब्रिटेन, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा और जापान सहित 100 से अधिक देशों में ऐपल और गूगल के एंड्रॉइड ऐप स्टोर पर उपलब्ध हो गया. कंपनी के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने कहा कि सेवा शुरू होने के शुरुआती सात घंटों में एक करोड़ लोग इससे जुड़े. कुछ शुरुआती गड़बड़ियां भी सामने आईं, जिनमें ब्रिटेन, भारत और लेबनान सहित कई देशों में जुकरबर्ग की पोस्ट अपलोड न होना शामिल था. हालांकि अन्य उपयोगकर्ताओं के लिए उनके उत्तर सामने आए.

ऐप के उपलब्ध होते ही शेफ गॉर्डन रामसे, पॉप स्टार शकीरा और अभिनेता जैक ब्लैक के साथ-साथ एयरबीएनबी, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स, नेटफ्लिक्स, वोग पत्रिका और अन्य मीडिया संस्थानों ने इस पर अपने खाते बनाए. ट्विटर जैसे माइक्रोब्लॉगिंग अनुभव से पता चलता है कि मस्क के स्वामित्व के परिणामस्वरूप अलोकप्रिय परिवर्तनों की एक श्रृंखला के बाद मेटा का यह ऐप सीधे ट्विटर को चुनौती देने के लिए कमर कस रहा है. ट्विटर पर मस्क के स्वामित्व के बाद उसमें बार-बार किए गए बदलावों को लेकर उपयोगकर्ताओं और विज्ञापनदाताओं में बहुत उत्साह नहीं था.

जुकरबर्ग ने थ्रेड्स पर कुछ शुरुआती जवाबों में कहा कि उनका ध्यान ऐप को “एक मित्रवत जगह” बनाने पर है, जो “आखिरकार इसकी सफलता की कुंजी होगी”. इस पर किसी ‘थ्रेड’ (यानी पोस्ट को) को ‘लाइक’, ‘रिपोस्ट’, ‘रिप्लाई’ और ‘कोट’ करने का विकल्प मौजूद है. ये सभी विकल्प ट्विटर पर भी मौजूद हैं.

इस नये ऐप में एक ‘पोस्ट’ करने के लिए अक्षरों (कैरेक्टर) की सीमा 500 तय की गई है, जबकि ट्विटर पर यह 280 है. इसमें लिंक, तस्वीर और पांच मिनट तक लंबा वीडियो साझा किया जा सकता है. कंपनी ने कहा, ”हमारा मकसद ‘थ्रेड्स’ के जरिये एक मंच प्रदान करना है, जो ‘टेक्स्ट’ (विचार/संदेश) और संवाद पर अधिक केंद्रित हो, जैसे इंस्टाग्राम पर तस्वीर तथा वीडियो पर ध्यान केंद्रित किया गया है.” मेटा ने उपयोगकर्ताओं को सुरक्षित मंच प्रदान करने के उपायों पर जोर दिया है. इसमें इंस्टाग्राम के सामुदायिक दिशानिर्देशों को लागू किया गया है. उपयोगकर्ता यह नियंत्रित कर सकते हैं कि उनके ‘थ्रेड्स’ पर कौन जवाब दे सकता है. हालांकि, मेटा के इस नये ऐप को लेकर सुरक्षा संबंधी सवाल खड़े हो रहे हैं.

‘ऐप स्टोर’ पर उपलब्ध इसकी डेटा गोपनीयता संबंधी जानकारी के अनुसार, ‘थ्रेड्स’ स्वास्थ्य, वित्तीय, संपर्क, ब्राउजिंग और खोज (सर्च), स्थान (आपकी लोकेशन), खरीदारी और ”संवेदनशील जानकारी” सहित व्यक्तिगत जानकारी की एक विस्तृत शृंखला एकत्र कर सकता है.

ट्विटर के सह-संस्थापक जैक डोर्सी ने ‘ऐप स्टोर’ पर ‘थ्रेड्स’ से जुड़ी जानकारी की एक तस्वीर (स्क्रीनशॉट) साझा करते हुए ट्वीट किया, ”आपके सभी थ्रेड्स हमारे हैं.” मस्क ने इस ट्वीट पर जवाब देते हुए लिखा, ”हां.” यूरोपीय संघ में ‘थ्रेड्स’ को शुरू नहीं किया गया है, जहां आंकड़ों की निजता को लेकर नियम काफी सख्त हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu