लोकसभा चुनाव में अयोध्या की हार की मिल्कीपुर की झूठी जीत बराबर नहीं कर सकती है : अखिलेश यादव

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 09 Feb 2025 08:56 PM
लोकसभा चुनाव में अयोध्या की हार की मिल्कीपुर की झूठी जीत बराबर नहीं कर सकती है : अखिलेश यादव
ऑडियो सुनें

आगरा/लखनऊ. समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रविवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर मिल्कीपुर में वोटों की लूट करने का आरोप लगाते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव में अयोध्या की हार की मिल्कीपुर की झूठी जीत बराबर नहीं कर सकती है. रविवार को आगरा दौरे पर पहुंचे सपा प्रमुख ने पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि भाजपा ने एक विधानसभा सीट जीतने के लिए पूरी ताकत लगाकर बेईमानी की.

यादव ने कहा कि जो मिल्कीपुर लूट कर अहंकार का प्रदर्शन कर रहे हैं, वे यह समझ लें कि लोकसभा चुनाव में अयोध्या की हार की मिल्कीपुर की झूठी जीत बराबर नहीं कर सकती है, क्योंकि भाजपा की अयोध्या की हार हमेशा के लिए इतिहास में दर्ज हो चुकी है.
सपा मुख्यालय से जारी बयान के मुताबिक उन्होंने कहा कि मिल्कीपुर से उसका बदला नहीं हो सकता है. यादव ने कहा कि अयोध्या की जनता ने लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को जिताया था तथा पार्टी मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव भी जीत जाती, लेकिन भाजपा ने पूरी सरकार लगाकर बेईमानी की और वोटों की लूट की. सपा प्रमुख ने कहा कि मिल्कीपुर में चुनाव नहीं हुआ, मिल्कीपुर में चुनाव लूटा गया.

मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव का परिणाम आठ फरवरी को घोषित हुआ जिसमें भाजपा उम्मीदवार चंद्रभानु पासवान (38) ने अवधेश प्रसाद के बेटे और समाजवादी पार्टी के अजीत प्रसाद (42) को 61,710 मतों से हराया. इसके पहले फैजाबाद (अयोध्या) लोकसभा सीट पर पिछले साल आम चुनाव में सपा के अवधेश प्रसाद ने भाजपा के पूर्व सांसद लल्लू सिंह को पराजित किया था. पिछले साल अयोध्या में भव्य-दिव्य मंदिर में भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के पांच माह बाद ही हुए लोकसभा चुनाव में करारी हार से भाजपा को झटका लगा था. अवधेश प्रसाद के सांसद चुने जाने से उनके प्रतिनिधित्व वाली मिल्कीपुर विधानसभा सीट रिक्त हुई थी, जहां सपा ने उनके पुत्र अजीत प्रसाद को उम्मीदवार बनाया था.

मिल्कीपुर उपचुनाव परिणाम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए यादव ने कहा, “जनता भाजपा की बेईमानी, लूट और झूठ को देख रही है. पीडीए समाज के लोग और मतदाता देख रहे हैं कि भाजपा उनके साथ कैसा भेदभाव कर रही है. वह उनके वोट का अधिकार छीन रही है.” यादव ने यह भी दावा किया, “भाजपा ने उपचुनाव में भले ही बेईमानी और लूट कर ली लेकिन विधानसभा चुनाव 2027 में 403 विधानसभा सीट पर भाजपा की ‘चार सौ बीसी’ नहीं चलेगी. जनता भाजपा की बेईमानी और लूट का जवाब देगी.” एक सवाल के जवाब में अखिलेश यादव ने कहा, “इंडिया गठबंधन मजबूत है. भविष्य में वह और मजबूत होगा. हर हार से सीखा जाता है. हार से सीखना ही भविष्य का रास्ता बनाता है.”

मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव की हार पर यादव ने तंज कसते हुए यह भी कहा, ” उत्तर प्रदेश में हमने लूट देखी है. उन बीएलओ (मतदान केंद्र स्तरीय चुनाव अधिकारी) को सम्मान मिलना चाहिए जिन्होंने पर्ची नहीं पहुंचाई और वोट काट दिए. उन अधिकारियों को भी लोकतंत्र में कोई न कोई पुरस्कार मिलना चाहिए जिन्होंने वोट नहीं डालने दिया.” यादव ने निर्वाचन आयोग पर निशाना साधते हुए हुए कहा ,”निर्वाचन आयोग सो रहा है, जग रहा है, कहां चला गया.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu