
मुंबई. मुंबई पुलिस ने शहर की एक मॉडल को शादी का झांसा देकर बलात्कार करने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है. एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी. आरोपी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर मॉडल द्वारा लगाए सभी आरोप खारिज कर दिए. आरोपी को अभी गिरफ्तार नहीं किया गया है.
पुलिस अधिकारी ने 23 वर्षीय महिला की शिकायत का हवाला देते हुए कहा कि वह फिल्म “द केरल स्टोरी” देखने के बाद पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित हुई. मॉडल ने पुलिस को बताया कि वह आरोपी तनवीर अख्तर लेक खान (40) से मिली और 2020 में उसकी मॉडलिंग एजेंसी में शामिल हो गई. शुरू में आरोपी ने मॉडल को बताया कि उसका नाम यश है, लेकिन चार महीने बाद मॉडल को पता चला कि आरोपी का असली नाम तनवीर है.
मॉडल ने दावा किया कि कुछ समय तक दोनों के बीच प्रेम संबंध थे. महिला ने आरोप लगाया कि आरोपी उसे रांची ले गया जहां उसने शादी का झांसा देकर उससे बलात्कार किया और इस्लाम कबूल करने का दबाव बनाने लगा. महिला ने दावा किया कि खान ने मुंबई में रहने के दौरान उसकी ‘हत्या’ करने की भी कोशिश की थी.
अधिकारी ने बताया कि वर्सोवा पुलिस ने बलात्कार और अन्य संबंधित अपराधों के तहत 28 मई को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की और मामला रांची पुलिस को स्थानांतरित कर दिया गया क्योंकि कथित घटनाएं रांची में हुई थीं.
आरोपी तनवीर ने मॉडल द्वारा लगाए सभी आरोपों से इनकार करते हुए अपने बचाव में सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया.
आरोपी ने आरोप लगाया कि शिकायतकर्ता महिला ने अपने दोस्तों और रिश्तेदारों के बीच उसकी निर्वस्त्र तस्वीरें प्रसारित कीं और वह कारोबार से जुड़ा डेटा चुराना चाहती थी.



