मोदी सरकार के पास दलों को तोड़ने का समय, लेकिन सेना में रिक्तियों को भरने का समय नहीं: खरगे

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 03 Jul 2023 09:19 PM
मोदी सरकार के पास दलों को तोड़ने का समय, लेकिन सेना में रिक्तियों को भरने का समय नहीं: खरगे
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोमवार को आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के पास भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विरोधी राजनीतिक दलों को तोड़ने का पूरा समय है, लेकिन सेना में रिक्तियों को भरने का समय नहीं है. खरगे ने उस खबर का हवाला देते हुए मोदी सरकार पर निशाना साधा, जिसमें दावा किया गया है कि सेना में मेजर और कैप्टन स्तर के अधिकारियों की कमी है और ऐसे में वह अपने मुख्यालयों में र्किमयों की तैनाती में कटौती की योजना बना रही है.

खरगे ने ट्वीट किया, ”मोदी सरकार के पास राजनीतिक दलों को तोड़ने का समय है, लेकिन शस्त्र बलों में महत्वपूर्ण रिक्तियों को भरने का कोई समय नहीं है. जो लोग रोजाना राष्ट्रवाद की दुहाई देते हैं उन्होंने हमारे सशस्त्र बलों के साथ विश्वासघात किया है.” उन्होंने दावा किया कि मौजूदा समय में सशस्त्र बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल में दो लाख से अधिक रिक्तियां हैं.

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया, ”अग्निपथ योजना इस बात की स्वीकारोक्ति है कि मोदी सरकार के पास हमारे सैनिकों के लिए पैसे नहीं हैं. मोदी सरकार ने ओआरओपी (वन रैंक, वन पेंशन) को लागू करने को लेकर रक्षा बलों के साथ विश्वासघात किया है.” खरगे ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ”मोदी सरकार और भाजपा के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा राष्ट्रीय प्राथमिकता नहीं है. सिर्फ जनादेश के साथ विश्वासघात करना उनकी प्राथमिकता है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu