183 देशों के 33 लाख से ज्यादा लोगों ने खंगाली महाकुम्भ की वेबसाइट

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 Jan 2025 07:49 PM
183 देशों के 33 लाख से ज्यादा लोगों ने खंगाली महाकुम्भ की वेबसाइट
ऑडियो सुनें

महाकुम्भ नगर. विश्व के सबसे बड़े धार्मिक समागम प्रयागराज महाकुम्भ को लेकर भारत ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लोगों में जिज्ञासा है जिसे शांत करने के लिए लोग इंटरनेट पर महाकुम्भ की वेबसाइट के जरिए इसके बारे में जानकारी हासिल कर रहे हैं. महाकुम्भ की वेबसाइट संभाल रही तकनीकी टीम के एक प्रतिनिधि के अनुसार चार जनवरी, 2025 तक 183 देशों के 33 लाख से ज्यादा लोगों ने महाकुम्भ की वेबसाइट पर आकर इस विषय में जानकारी हासिल की है. इन देशों में यूरोप, अमेरिका व अफ्रीका समेत सभी महाद्वीप के लोग शामिल हैं. उन्होंने बताया कि ये सभी लोग भारत समेत पूरी दुनिया के 183 देशों से हैं तथा इन 183 देशों में 6,206 शहरों से इस वेबसाइट पर लोग आए हैं और उन्होंने यहां काफी समय भी बिताया है.

तकनीकी टीम के प्रतिनिधि के मुताबिक, वेबसाइट पर आने वाले शीर्ष पांच देशों में पहले नंबर पर भारत है, जबकि इसके बाद अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा और जर्मनी से लाखों लोग प्रतिदिन इस वेबसाइट पर आकर महाकुम्भ के बारे में जानकारियां जुटा रहे हैं. तकनीकी टीम के अनुसार छह अक्टूबर, 2024 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस वेबसाइट का शुभारंभ किया था जिसके बाद से बड़ी संख्या में लोग इस वेबसाइट पर आ रहे हैं. महाकुम्भ के करीब आने के साथ इसे खंगालने वाले लोगों की संख्या तेजी से बढ़ रही है.

टीम ने बताया कि उत्तर प्रदेश की योगी सरकार इस महाकुम्भ को ‘डिजिटल महाकुम्भ’ के रूप में प्रस्तुत कर रही है तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कई डिजिटल मंच बनाए गए हैं और इसी में महाकुम्भ की आधिकारिक वेबसाइट भी है. इस वेबसाइट पर श्रद्धालुओं के लिए महाकुम्भ से संबंधित सभी जानकारियां उपलब्ध कराई गई हैं. इसमें कुम्भ से जुड़ी परंपराओं, कुम्भ की महत्ता, आध्यात्मिक गुरुओं के साथ-साथ कुम्भ पर किए गए अध्ययन की विस्तृत जानकारियां दी गई हैं. यही नहीं, महाकुम्भ के दौरान प्रमुख आकर्षण, प्रमुख स्नान पर्व, क्या करें-क्या नहीं करें और कलाकृतियों को विस्तार से बताया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu