रूस-यूक्रेन के बीच युद्धविराम वार्ता से पहले मास्को के ड्रोन हमलों में सात यूक्रेनी नागरिकों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 23 Mar 2025 08:27 PM
रूस-यूक्रेन के बीच युद्धविराम वार्ता से पहले मास्को के ड्रोन हमलों में सात यूक्रेनी नागरिकों की मौत
ऑडियो सुनें

कीव. रूस द्वारा यूक्रेन में रविवार रात को किए ड्रोन हमलों में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई. यूक्रेन के स्थानीय अधिकारियों और आपातकालीन सेवाओं ने यह जानकारी दी. यूक्रेन की राजधानी कीव पर यह हमला ऐसे समय में हुआ है जब सऊदी अरब में दोनों देशों के बीच युद्ध खत्म करने के लिए वार्ता होने की संभावना है.

अमेरिका की मध्यस्थता में रूस और यूक्रेन के बीच सोमवार को अप्रत्यक्ष वार्ता हो सकती है, जिसमें ऊर्जा सुविधाओं और नागरिकों से संबंधित बुनियादी ढांचे को निशाना बनाकर किए जाने वाले लंबी दूरी की मारक क्षमता वाले हमलों पर रोक लगाने के संबंध में चर्चा की जाएगी.

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा कि अप्रत्यक्ष वार्ता से एक दिन पहले यूक्रेन का प्रतिनिधिमंडल सऊदी अरब में अमेरिका के अधिकारियों से मिल सकता है. उन्होंने कहा कि यूक्रेन आंशिक युद्धविराम के विवरण पर चर्चा करने के लिए तकनीकी टीम भेजने की योजना बना रहा है. यूक्रेन की वायु सेना के अनुसार, रूस ने यूक्रेन में 147 ड्रोन दागे.

इसने बताया कि 97 ड्रोन को मार गिराया गया तथा यूक्रेन की जवाबी कार्रवाई के चलते 25 ड्रोन अपने लक्ष्यों तक नहीं पहुंच पाए.
रूस ने खार्किव, सुमी, चेर्निहीव, ओडेसा और डोनेट्स्क क्षेत्रों के साथ-साथ राजधानी कीव में भी हमले किए. कीव के सैन्य प्रशासन ने बताया कि राजधानी पर हुए ड्रोन हमले में पांच वर्षीय बच्चे सहित तीन लोग मारे गए तथा 10 अन्य घायल हो गए हैं.

राज्य आपातकालीन सेवा के अनुसार, ड्रोन हमले के कारण पोडिल जिले की 25 मंजिला इमारत की 20वीं मंजिल पर आग लग गई. वहीं, होलोसिव्स्की में एक गोदाम और कार्यालय की इमारत में आग लग जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई. डोनेट्स्क क्षेत्र के गवर्नर वादिम फिलाश्किन ने बताया कि क्षेत्र में हुए रूसी हमलों में चार लोग मारे गए हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu