मप्र? शारीरिक शिक्षा संस्थान के 100 छात्र बीमार, भोजन विषाक्तता की आशंका…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 04 Oct 2023 12:43 PM
मप्र? शारीरिक शिक्षा संस्थान के 100 छात्र बीमार, भोजन विषाक्तता की आशंका…
ऑडियो सुनें

ग्वालियर: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षण संस्थान (एलएनआईपीई) के लगभग 100 छात्रों को कथित तौर पर भोजन विषाक्तता का शिकार होने के बाद अस्पताल ले जाया गया है। एक अधिकारी ने बुधवार को बताया कि छात्रों ने पनीर से बना व्यंजन खाया था और (संस्थान के) मेस में भोजन की जांच की जा रही है।

एलएनआईपीई के अधीक्षक आरकेएस धाकड़ ने कहा कि संस्थान के लगभग 100 छात्रों को मंगलवार को सरकार द्वारा संचालित जयारोग्य अस्पताल लाया गया। उन्होंने बताया कि छात्र संभवत: भोजन विषाक्तता के कारण बीमार पड़ गए।
धाकड़ ने कहा, “उन्होंने पनीर की सब्जी खा ली थी, जिसके परिणामस्वरूप उन्हें भोजन विषाक्तता हो गई होगी।” उन्होंने बताया कि इन छात्रों में से कुछ गंभीर रूप से बीमार हैं, लेकिन स्थिति नियंत्रण में है।

संस्थान के रजिस्ट्रार अमित यादव ने कहा कि कुछ छात्र मंगलवार को बीमार पड़ गए और ऐसा संदेह है कि वे वायरल बुखार से पीड़ित हैं। उन्होंने कहा हालांकि, मेडिकल जांच में संक्रमण पाया गया और मंगलवार शाम तक लगभग 100 छात्र बीमार पड़ गए।
यादव के मुताबिक, लगभग 70 छात्र दवा लेने के बाद बेहतर हैं। उन्होंने बताया कि सभी छात्र चिकित्सा निगरानी में हैं और उनमें से किसी की भी हालत गंभीर नहीं है। यादव ने कहा कि मेस में छात्रों को खिलाए गए भोजन की जांच की जा रही है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav