दिल्ली में रेलवे स्टेशन पर कत्ल: योग एक्सप्रेस में सीट के लिए पीट-पीटकर मार डाला, लात-घूंसों से हमला

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Sat, 20 Jun 2026 03:23 PM
दिल्ली में रेलवे स्टेशन पर कत्ल: योग एक्सप्रेस में सीट के लिए पीट-पीटकर मार डाला, लात-घूंसों से हमला
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा रेलवे स्टेशन पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां ट्रेन में चढ़ने के दौरान हुए विवाद में एक यात्री की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान बागपत, उत्तर प्रदेश निवासी पंकज धामा के रूप में हुई है। घटना रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन पर योग एक्सप्रेस ट्रेन में उस समय हुई जब यात्री ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पंकज धामा योग एक्सप्रेस ट्रेन में जनरल डिब्बे में चढ़ने की कोशिश कर रहा था, तभी कुछ अन्य यात्रियों के साथ उसका विवाद हो गया, यात्रियों के बीच भारी धक्का-मुक्की शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि अन्य यात्रियों ने पंकज पर लातों और घूंसों से बेरहमी से हमला कर दिया। इस हमले के दौरान पंकज अचेत होकर गिर पड़ा। घटना के समय प्लेटफार्म पर मौजूद रेलवे पुलिस बल (आरपीएफ) के एक सिपाही ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन तब तक हमलावर फरार हो चुके थे।

घायल पंकज धामा को तुरंत नजदीकी जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रेलवे पुलिस ने तत्काल हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, साथ ही घटना के दौरान बनाए गए वीडियो की भी जांच की जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav