
मुजफ्फरनगर: मुजफ्फरनगर के शाहपुर के बसी कलां गांव में युवती ने अपने पूरे परिवार को चाय में नशे की गोलियां पिलाकर बेहोश किया। फिर भाभी पर चाकू से हमला किया। इसके बाद चार साल की भतीजी को घर में रखे पानी के टैंक में डुबोकर मार डाला। तीन बच्चों को भी घायल कर दिया।
शाहपुर के गांव बसी कलां में पुलिस मौके पर पहुंची तो परिजनों ने कहा कि बदमाशों ने वारदात अंजाम दी है। परिवार के सदस्य एक ही कमरे में सो रहे थे, ऐसे में पुलिस को शक हुआ।
आरोपी कमरे में बेसुध पड़ी थी, जिस कारण पुलिस का शक और अधिक बढ़ गया। पुलिस रात में ही सभी परिजनों को थाने ले गई थी। वहां पूछताछ के बाद घटना का सच सामने आया। दो घंटे की तलाश के बाद इसरा का शव मिला।
कोई पछतावा नहीं… रोज टोकती थी भाभी
एसएसपी ने बताया कि आरोपी युवती से पूछताछ की गई है। उसे अपनी गलती का कोई पछतावा नजर नहीं आया है। उसने घटना करना स्वीकार किया है। साथ ही कहा कि वह भाभी की टोका-टाकी से आहत थी।
तीन घंटे की पूछताछ में हुआ मामला साफ
एसएसपी ने बताया कि घटना के बाद वह मौके पर पहुंचे थे। इसके बाद उन्होंने परिजनों से भी पूछताछ की। तीन घंटे की पूछताछ के बाद मामला साफ हो गया था। आरोपी युवती ने घटना करना बताया। पुलिस ने चाकू व घर से तीन नशीली गोलियां भी बरामद कर ली। एसओजी, फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची।



