नयी दिल्ली. नरेन्द्र मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के लिए आयोजित शपथ ग्रहण समारोह के दौरान भाजपा सांसद दुर्गा दास उइके द्वारा शपथ लिए जाने के समय का एक वीडियो सोमवार को काफी चर्चा में रहा, जिसमें राष्ट्रपति भवन के गलियारे में एक जानवर घूमता नजर आया. इसके बारे में कुछ लोगों ने अनुमान लगाया कि यह शायद तेंदुआ था. उइके ने शपथ ग्रहण करने के बाद रजिस्टर पर हस्ताक्षर किए और राष्ट्रपति का अभिवादन करने पहुंचे. वीडियो में देखा जा सकता है कि इसी समय पीछे स्थित राष्ट्रपति गलियारे में एक रहस्यमय जानवर चल रहा है.
हालांकि, दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति भवन के अंदर घरेलु कुत्ते और बिल्लियां ही हैं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर दावा किया जा रहा है कि गलियारे में दिखाई दे रहा जानवर तेंदुआ ही है. वन विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि राष्ट्रपति भवन में किसी तेंदुए के देखे जाने की कोई सूचना नहीं है.
एक सोशल मीडिया उपयोगकर्ता ने ‘एक्स’ पर कहा, ”अभी-अभी राष्ट्रपति भवन में आयोजित नरेन्द्र मोदी जी के शपथ ग्रहण समारोह का यह वायरल वीडियो देखा. वीडियो के अनुसार, एक तेंदुआ आराम से घूमता हुआ दिखाई दे रहा है. यह बहुत जोखिम भरा है.” एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ”सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद हमने राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा से पता लगाया कि क्या वह जानवर तेंदुआ था. उन्होंने कहा कि अंदर कोई तेंदुआ नहीं था. राष्ट्रपति भवन के अंदर केवल कुत्ते और बिल्लियां हैं.” अटकलों पर विराम लगाते हुए दिल्ली पुलिस ने कहा, ”ये तथ्य सत्य नहीं हैं, कैमरे में रिकॉर्ड हुआ जानवर एक आम घरेलू बिल्ली है. कृपया ऐसी अफवाहों पर ध्यान न दें.”