नारायणपुर : मुठभेड़ में तीन महिला नक्सली ढेर

नारायणपुर. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में तीन महिला नक्सलियों को मार गिराया है. पुलिस अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नारायणपुर और कांकेर जिले की सीमा पर अबूझमाड़ क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने तीन वर्दीधारी महिला नक्सलियों को मार गिराया है.

उन्होंने बताया कि नारायणपुर और कांकेर जिले की सीमा पर अबूझमाड़ क्षेत्र में माओवादियों की उपस्थिति की सूचना पर सुरक्षाबल के जवानों को गश्त पर रवाना किया गया था. दल में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी), एसटीएफ और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवान शामिल थे. अधिकारियों ने बताया कि जब दल के जवान क्षेत्र में पहुंचे तब आज सुबह लगभग आठ बजे नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी. बाद में जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की.

उन्होंने बताया कि दोनों ओर से रूक-रूक कर गोलीबारी होती रही. सुरक्षाबलों ने अभी तक घटनास्थल से तीन महिला नक्सलियों के शव, हथियार और अन्य सामान बरामद किया है. अधिकारियों ने बताया कि इस घटना में सुरक्षाबल के जवानों के सुरक्षित होने की जानकारी मिली है. क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ के संबंध में अधिक जानकारी ली जा रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button