नर्मदा ने स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा, भानवाला को भी स्वर्ण

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 30 Jan 2025 07:38 PM
नर्मदा ने स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा, भानवाला को भी स्वर्ण
ऑडियो सुनें

देहरादून. विश्व कप की पूर्व विजेता नर्मदा नितिन राजू ने बृहस्पतिवार को यहां 38वें राष्ट्रीय खेलों में महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने के दौरान एशियाई खेलों की पदक विजेता रमिता जिंदल और ओलंपियन इलावेनिल वालारिवन सहित कई मजबूत निशानेबाजों को मात देते हुए राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया और विश्व रिकॉर्ड की बराबरी करने से महज मामूली अंतर से चूक गईं.

अन्य नतीजों में हरियाणा के 2022 विश्व चैंपियनशिप रजत पदक विजेता अनीष भानवाला ने पुरुषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल स्पर्धा में 31 हिट से स्वर्ण पदक जीता. सेना के गुरप्रीत सिंह 28 हिट से दूसरे और पंजाब के विजयवीर सिद्धू 26 हिट से तीसरे स्थान पर रहे. तमिलनाडु का प्रतिनिधित्व कर रहीं नर्मदा ने आठ निशानेबाजों के फाइनल में 254.4 के स्कोर के साथ पोडियम में शीर्ष स्थान हासिल किया तथा महाराष्ट्र की आर्या बोरसे (252.5) ??और रमिता (230.4) को पछाड़ा.

इस प्रक्रिया में उन्होंने ओलंपियन अपूर्वी चंदेला के नयी दिल्ली में 2019 विश्व कप में बनाए गए 252.9 के राष्ट्रीय रिकॉर्ड को तोड़ दिया. इस स्पर्धा का विश्व रिकॉर्ड 254.5 अंक का है जो पिछले साल नयी दिल्ली में आईएसएसएफ विश्व कप फाइनल में चीन की हुआंग युटिंग ने बनाया था.

नर्मदा ने 2023 काहिरा विश्व कप में रुद्राक्ष पाटिल के साथ मिलकर 10 मीटर एयर राइफल मिश्रित टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था और इसी साल भोपाल में विश्व कप में कांस्य पदक जीता था. इसके बाद से यह 23 वर्षीय निशानेबाज की इस स्पर्धा में यह तीसरी सबसे बड़ी उपलब्धि है. नर्मदा बुधवार को क्वालीफिकेशन दौर में तीसरे स्थान पर रही थीं. आत्मविश्वास से भरी इस निशानेबाज ने फाइनल में अपने अधिक प्रतिष्ठित प्रतिद्वंद्वियों पर दबदबा बनाने के लिए शानदार स्कोर बनाए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu