
नयी दिल्ली. शुक्रवार को 2020 के लिए घोषित 68वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में तमिल भाषा की ‘‘सोरारई पोटरु’’ ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म, सर्वश्रेष्ठ अभिनेता व सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री के लिए राष्ट्रीय पुरस्कार जीता. अजय देवगन की मुख्य भूमिका वाली ‘‘तान्हाजी : द अनसंग वारियर’’ ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता और सर्वश्रेष्ठ लोकप्रिय मनोरंजक फिल्म का पुरस्कार जीता. ओम दत्त द्वारा निर्देशित ‘‘तान्हाजी…’’ छत्रपति शिवाजी महाराज की सेना के सेनापति तानाजी मालुसारे के जीवन पर आधारित है. 17वीं शताब्दी के दौर पर आधारित फिल्म के लिये नचिकेत बर्वे और महेश शेरला ने सर्वश्रेष्ठ कॉस्ट्यूम डिजाइनर का पुरस्कार भी जीता.
देवगन ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार सूर्या के साथ साझा किया. सूर्या को ‘‘सोरारई पोटरु’’ के लिए यह पुरस्कार दिया गया. फिल्म एयर डेक्कन के संस्थापक कैप्टन जी आर गोपीनाथ के जीवन से प्रेरित है. इसी फिल्म के लिए अपर्णा बालामुरली ने सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार जीता.
बॉलीवुड अभिनेता को पूर्व में ‘‘जख्म’’ (1998) और ‘‘द लीजेंड आॅफ भगत ंिसह’’ (2002) में उनकी दमदार भूमिका के लिये सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुका है. अभिनेता ने कहा कि वह तीसरी बार यह सम्मान पाकर बेहद प्रसन्न हैं. देवगन ने एक बयान में कहा, ‘‘मैं 68वें राष्ट्रीय पुरस्कार में ‘तान्हाजी-द अनसंग वारियर’ के लिए सूर्या (सोरारई पोटरू के लिए) के साथ सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार जीतने को लेकर उत्साहित हूं. मैं सभी का शुक्रिया अदा करता हूं, विशेषकर अपनी रचनात्मक टीम, दर्शकों और अपने प्रशंसकों का. मैं अपने माता-पिता और ईश्वर के आशीर्वाद के लिए उनका भी आभार व्यक्त करता हूं. अन्य सभी विजेताओं को बधाई.’’ ‘‘सोरारई पोटारू’’ के लिए शालिनी उषा नायर व निर्देशक सुधा कोंगारा ने सर्वश्रेष्ठ पटकथा तथा जी वी प्रकाश कुमार ने सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक (बैकग्राउंड स्कोर) का पुरस्कार जीता.
दिवंगत मलयालम फिल्मकार सच्चिदानंदन केआर को ‘‘ए के अयप्पनम कोशियम’’ के लिये मरणोपरांत सर्वश्रेष्ठ निर्देशक घोषित किया गया. फिल्म के लिये बीजू मेनन ने सर्वश्रेष्ठ सह कलाकार का पुरस्कार जीता. इसी फिल्म को सर्वश्रेष्ठ एक्शन निर्देशन (स्टंट कोरियोग्राफी) का भी पुरस्कार दिया गया. ‘‘ए के अयप्पनम कोशियम’’ के लिए ननचम्मा को सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायिका का पुरस्कार दिया गया. मराठी फिल्म ‘‘मी वसंतराव’’ के लिये राहुल देशपांडे को सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायक का पुरस्कार दिया गया.
तमिल फिल्म ‘‘शिवरंजनियम इन्नम सिला पेंगाल्लम’’ के लिये तमिल कलाकार लक्ष्मी प्रिया चंद्रमौली को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री का पुरस्कार दिया गया. इसी फिल्म के लिए श्रीकर प्रसाद को सर्वश्रेष्ठ संपादन का राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया. सर्वश्रेष्ठ ंिहदी फिल्म का पुरस्कार मृदुल तुलसीदास द्वारा निर्देशित ‘तुलसीदास जूनियर’ को दिया गया. आशुतोष गोवारिकर के बैनर तले बनी इस फिल्म में दिवंगत कलाकार राजीव कपूर आखिरी बार पर्दे पर दिखे. इस फिल्म के लिये बाल कलाकार वरुण बुद्धदेव को ‘स्पेशल जूरी मेंशन’ पुरस्कार दिया गया.
संगीत श्रेणी में, थमन एस ने अल्लू अर्जुन की तेलुगु हिट ‘‘अला वैकुंठपुरमुलु’’ के लिए सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशन (गीत) का पुरस्कार जीता, जबकि ंिहदी फिल्म ‘‘साइना’’ के लिए मनोज मुंतशिर को सर्वश्रेष्ठ गीतकार का पुरस्कार दिया गया. राष्ट्रीय पुरस्कारों के लिए 10 सदस्यीय जूरी की अध्यक्षता ंिहदी फिल्मकार विपुल शाह ने की. जूरी के सदस्य धरम गुलाटी ने पुरस्कारों की घोषणा की.



