गढ़चिरौली से छह लाख रुपये का इनामी नक्सली गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 17 Oct 2023 07:56 PM
गढ़चिरौली से छह लाख रुपये का इनामी नक्सली गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

गढ़चिरौली. पूर्वी महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में मंगलवार को छह लाख रुपये के एक इनामी नक्सली को गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने यहां एक विज्ञप्ति में बताया कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और प्रदेश पुलिस ने जिले की इटापल्ली तहसील के रेखाभटाल के रहने वाले मेसो काव्दू (50) को पकड़ने के लिए एक अभियान चलाया. दरअसल उन्हें गुप्त जानकारी प्राप्त हुई थी कि उसे जाजवंडी-दोद्दुर वन क्षेत्र में देखा गया है.

जिला पुलिस अधीक्षक नीलोत्पल द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि महाराष्ट्र के विशेष नक्सल रोधी कमांडो फोर्स ‘सी-60’ के र्किमयों, स्थानीय पुलिस और सीआरपीएफ ने इस अभियान में हिस्सा लिया. विज्ञप्ति के मुताबिक, काव्दू ने पूछताछ के दौरान कथित तौर पर बताया कि वह 2017 से नक्सलियों के आपूर्ति दल के सदस्य के रूप में काम कर रहा था और वह अबूझमाड़ क्षेत्र में विस्फोटकों की आपूर्ति में शामिल था.

विज्ञप्ति के मुताबिक, वह महाराष्ट्र पुलिस के साथ दो मुठभेड़ में भी कथित तौर पर शामिल था, जिसमें 31 मार्च को सी-60 दल के साथ हुई मुठभेड़ भी शामिल है. उस मुठभेड़ में नक्सलियों के टिपागड दलम के एक ‘डिप्टी कमांडर’ को मार गिराया गया था.
विज्ञप्ति में बताया गया कि वह गढ़चिरौली में दो लोगों की हत्या के मामले में भी वांछित था और मामले की जांच फिलहाल जारी है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu