नारायणपुर जिले में नक्सलियों ने किया विस्फोट, एक जवान घायल

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 28 Mar 2025 02:03 PM
नारायणपुर जिले में नक्सलियों ने किया विस्फोट, एक जवान घायल
ऑडियो सुनें

नारायणपुर: छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में नक्सलियों द्वारा बारूदी सुरंग में विस्फोट किए जाने से सुरक्षाबल का एक जवान घायल हो गया। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना सुबह लगभग 10 बजे जिले के कोहकामेटा थाना क्षेत्र के बेड़माकोटी गांव के निकट की है।

उन्होंने बताया कि कुतूल गांव में स्थित शिविर से भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी), जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और बस्तर फाइटर्स के संयुक्त दल को गश्त के लिए कुतूल और नए शिविर बेड़माकोटी के मध्य रवाना किया गया था।

अधिकारियों ने बताया कि गश्त के दौरान कुतूल गांव से लगभग 1.5 किलोमीटर दूर बेड़माकोटी गांव की ओर नक्सलियों ने बारूदी सुरंग में विस्फोट कर दिया जिसमें बस्तर फाइटर्स का एक जवान घायल हो गया।
उन्होंने बताया कि घायल जवान को नारायणपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि घायल जवान की हालत खतरे से बाहर है। क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital