नयनतारा ने ‘अन्नपूर्णी’ फिल्म को लेकर हुए विवाद पर मांगी माफी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 19 Jan 2024 09:20 PM
नयनतारा ने ‘अन्नपूर्णी’ फिल्म को लेकर हुए विवाद पर मांगी माफी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अभिनेत्री नयनतारा ने अपनी हाल में आई तमिल फिल्म ‘अन्नपूर्णी’ के लिए माफी मांगी है. फिल्म के ओटीटी मंच पर रिलीज होने एक हफ्ते बाद निर्माताओं पर धार्मिक भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया गया था और इसके बाद फिल्म को नेटफ्लिक्स से हटा दिया गया था.

फिल्म ‘जवान’ में काम कर चुकी अभिनेत्री ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया मंच इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में कहा कि फिल्म ‘प्रेरणा देने के लिए बनाई गई है, न कि विवाद पैदा करने के लिए.’ नयनतारा (39) ने पोस्ट में कहा, ”जय श्री राम. यह पत्र में भारी मन और हमारी फिल्म ‘अन्नपूर्णी’ से संबंधित हालिया विवादों को लेकर लिख रही हूं. ‘अन्नपूर्णी’ को बनाने का प्रयास केवल सिनेमा के लिए नहीं किया गया था बल्कि यह तो प्रेरणा और कभी हार न मानने की भावना पैदा करने का प्रयास था.”

उन्होंने कहा, “इसका उद्देश्य जीवन की यात्रा को प्रतिबिंबित करना है जहां हम सीखते हैं कि दृढ़ इच्छाशक्ति से बाधाओं को कैसे दूर किया जा सकता है. एक सकारात्मक संदेश साझा करने के हमारे प्रयास में हमने लोगों की भावनाओं को अनजाने में चोट पहुंचाई है.” ‘अन्नपूर्णी’ में अभिनेत्री ने एक ऐसी महिला का किरदार निभाया है जिसका लक्ष्य देश में सर्वश्रेष्ठ शेफ बनना है लेकिन अपने सपने को साकार करने के लिए उसे मांसाहारी भोजन पकाना पड़ता है.

नीलेश कृष्णा द्वारा निर्देशित यह फिल्म पिछले साल दिसंबर में सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और इसके चार हफ्तों के बाद नेटफ्लिक्स पर आई थी. फिल्म को लेकर बीते सप्ताह तब विवाद खड़ा हो गया जब नयनतारा और निर्माताओं के खिलाफ दो शिकायतें दर्ज की गई.

शिकायतों में आरोप लगाया गया कि फिल्म के कुछ दृश्य हिंदू समुदाय की धार्मिक भावनाओं को आहत करते हैं. फिल्म में भगवान राम के बारे में विवादास्पद टिप्पणी की गई है और यह ‘लव जिहाद’ को भी बढ़ावा देती है. विवाद के बीच फिल्म को निर्माताओं ने नेटफ्लिक्स से हटा दिया था.

नयनतारा ने अपने पोस्ट में कहा कि फिल्म के जरिए टीम एक सकारात्मक संदेश साझा करना चाहती थी और उन्होंने कभी उम्मीद नहीं की थी कि सिनेमाघरों में प्रर्दिशत होने वाली फिल्म को स्ट्रीमिंग मंच से हटा दिया जाएगा. उन्होंने कहा, “मेरी टीम और मेरा इरादा कभी भी किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था और हम इस मुद्दे की गंभीरता को समझते हैं. फिल्म से जिन लोगों की भावनाओं को हमने ठेस पहुंचाई है उनसे मैं ईमानदारी और दिल से माफी मांगती हूं.” महाराष्ट्र के ठाणे जिले में पुलिस ने शिकायतों के बाद पिछले सप्ताह नयनतारा समेत आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था.

नया नगर पुलिस थाने के प्रभारी (एसएचओ) ने कहा कि बृहस्पतिवार को अभिनेत्री एवं निर्माता नयनतारा सहित आठ लोगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 153-ए (विभिन्न समूहों के बीच दुश्मनी को बढ़ावा देना), 295-ए (धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के इरादे से जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्य) और 505 (2) (पूजा स्थल पर किया गया अपराध) 34 (साझा मंशा) (दोनों को मिला कर पढ़ा जाए) के तहत मामला दर्ज किया गया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu