राजग की जीत प्रधानमंत्री मोदी के लिए जनता का आशीर्वाद : शाह

नयी दिल्ली. केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ‘जनता का आशीर्वाद’ है जिन्होंने गत 10 साल में गरीबों, महिलाओं, पिछड़ों और युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए कड़ी मेहनत की.

उन्होंने यह भी कहा कि यह मोदी के पिछले 23 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के ‘मैराथन’ प्रयास की जीत है, जिसमें उन्होंने एक भी दिन छुट्टी नहीं ली, खुद की परवाह नहीं की और केवल देश और देशवासियों के कल्याण के लिए दिन-रात काम किया. शाह ने कहा कि लगातार तीसरी जीत से यह स्पष्ट हो गया है कि जनता का भरोसा ”केवल मोदी पर है”.

केंद्रीय गृह मंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ”प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में राजग को लगातार तीसरी बार सेवा का मौका देने के लिए देश की जनता को कोटि-कोटि नमन करता हूं. लगातार तीसरी जीत ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जनता का विश्वास सिर्फ और सिर्फ मोदी जी के साथ है.” उन्होंने कहा कि ”भाजपा को तीसरी बार मिली यह जीत हमारे कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम का प्रतिफल है. इस जीत के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी और देश के हर भू-भाग में मेहनत करने वाले सभी भाजपा कार्यकर्ताओं को मैं बधाई देता हूं.”

शाह ने कहा, ”राजग की यह जीत, बीते 10 सालों में मोदी जी ने जिस तरह देश के गरीबों, महिलाओं, पिछड़ों, वंचितों और युवाओं के सपनों को साकार करने के लिए पुरुषार्थ किया है, उसके लिए जनता का आशीर्वाद है. इस जीत के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी को बधाई देता हूं.” उन्होंने कहा, ”यह विजय, मोदी जी की उस अविराम साधना का प्रतिफल है, जो किसी भी कीमत पर रुकना नहीं जानती है. बीते 23 सालों के सार्वजनिक जीवन में बिना एक दिन भी छुट्टी लिए, बिना अपनी परवाह किये, दिन-रात केवल देश और देशवासियों के कल्याण के लिए प्रयासरत रहने के मोदी जी के मैराथन प्रयास की यह जीत है.”

शाह ने मोदी के नेतृत्व में राजग को लगातार तीसरी बार सेवा का अवसर देने के लिए देश की जनता को भी धन्यवाद दिया. उन्होंने लोकसभा और विधानसभा चुनावों में राजग गठबंधन को आशीर्वाद देने के लिए आंध्र प्रदेश की जनता को धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा, ”मैं अपने सहयोगियों श्री एन. चंद्रबाबू नायडू, श्री पवन कल्याण और भाजपा कार्यकर्ताओं को इस शानदार जीत के लिए बधाई देता हूं. प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में राजग आंध्र प्रदेश के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करने और राज्य को प्रगति और विकास के एक नए युग की ओर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है. हम सब मिलकर राज्य के नए भाग्य को आकार देंगे.”

गृहमंत्री ने ओडिशा की जनता का आभार व्यक्त करते हुए पोस्ट किया, ”भाजपा को महाप्रभु जगन्नाथ जी की पुण्यभूमि की सेवा करने का मौका देने के लिए ओडिशा की जनता का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं.” उन्होंने कहा, ”प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में मिली यह जीत ‘विकसित भारत, विकसित ओडिशा’ के संकल्प को सिद्ध करेगी. मैं प्रदेश की जनता को विश्वास दिलाता हूं कि उड़िया भाषा, उड़िया संस्कृति और उड़िया साहित्य को बढ.ावा देते हुए प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए भाजपा समर्पण भाव से कार्य करेगी.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button