नयी दिल्ली. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दिल्ली के करोल बाग में मोटरसाइकिल मैकेनिक के साथ अपनी हाल में हुई बातचीत का एक वीडियो साझा करते हुए रविवार को कहा कि देश के ऑटोमोबाइल उद्योग को मजबूत करने के लिए भारत में मैकेनिकों को सशक्त बनाने की जरूरत है.
इसे ”भारत जोड़ो यात्रा” का ”अगला पड़ाव” बताते हुए, गांधी ने 27 जून को करोल बाग में मैकेनिक के साथ अपनी बातचीत संबंधी वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसमें वह एक बाइक की र्सिवस की बारीकियां समझते और उनके सवालों का जवाब देते नजर आ रहे हैं.
वीडियो में गांधी को यह कहते हुए सुना जा सकता है, ”मेरे पास भी केटीएम 390 बाइक है, लेकिन वह पड़ी है, क्योंकि उनके सुरक्षाकर्मी उन्हें चलाने नहीं देते .” गांधी ने मैकेनिक के सवालों का भी जवाब दिया. इनमें से एक ने पूछा कि वह कब शादी करेंगे, जिस पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने जवाब दिया, ”चलिए देखते हैं.” बाइक मार्केट में, गांधी ने उम्मेद शाह, विक्की सेन और मनोज पासवान के साथ बातचीत की और एक मोटरसाइकिल की र्सिवस की.
गांधी ने ट्वीट किया, ”भारत के ऑटोमोबाइल उद्योग को मजबूत बनाने के लिए भारत के मैकेनिक्स को सशक्त करने की जरूरत है.” कांग्रेस द्वारा जारी एक बयान के अनुसार ‘भारत जोड़ो यात्रा’ भारतीयों के सभी वर्गों की आवाजों को सुनकर सीखने के बारे में है, खासकर उन लोगों की जो अपनी जीत और परेशानियों की कहानियां सुनाने में सक्षम नहीं हैं.
बयान में गांधी के हवाले से कहा गया है, ”भारत जोड़ो का नया पड़ाव, करोल बाग, नई दिल्ली की बाइकर्स मार्केट में, सुपर मैकेनिक के एक समूह से मुलाकात की और इन कड़ी मेहनत करने वाले लोगों के साथ खुली और स्पष्ट बातचीत हुई, जो भारत के पहियों को चालू रखते हैं.” कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, ”मैंने मैकेनिकों की कठिनाइयों को समझने और भारत में उनके सपनों को जानने का प्रयास किया. मुझे बाइक की र्सिवस की बारीकियां सिखाने के दौरान एक मैकेनिक उम्मेद शाह ने बताया कि कैसे गरीबी के कारण उन्हें अपनी पढ़ाई छोड़नी पड़ी और अपने बड़े भाई की तरह मैकेनिक बनना पड़ा.” उन्होंने कहा कि पासवान और सेन ने उन्हें बताया कि कैसे इस पेशे में कम कमाई के कारण वे परिवार की जिम्मेदारियों को लेकर हर दिन चिंतित रहते हैं.
गांधी के हवाले से बयान में कहा गया है, ”मैंने कई अन्य लोगों को भी इसी तरह की समस्याओं का सामना करते हुए देखा है, वे अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं.” उन्होंने कहा, ”हमारे मैकेनिक ऑटोमोबाइल उद्योग को बनाये रखने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं. उन्हें बेहतर सुविधाएं और अवसर मिलने चाहिए. प्रत्येक व्यक्ति और प्रत्येक पेशे के श्रमिकों की समृद्धि और खुशहाली में ही भारत की सच्ची प्रगति निहित है.”
कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने गांधी के ट्वीट और वीडियो को टैग करते हुए कहा, ”भारत जोड़ो यात्रा को आगे बढ़ाते हुए राहुल गांधी ने करोल बाग के मैकेनिक्स से मुलाकात की.” रमेश ने कहा, ”बातचीत के दौरान उन्होंने यह देखने और समझने की कोशिश की कि एक आम मैकेनिक की जिंदगी कैसी होती है. उन्हें किस तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ता है.” रमेश ने मैकेनिक के बारे में कहा, ”ये वे हाथ हैं जो हमारे देश को आगे ले जाते हैं. उनकी चिंताओं और शिकायतों को समझना और एक ऐसी प्रणाली बनाना बहुत महत्वपूर्ण है जिनसे उन्हें बेहतर सुविधाएं और अवसर मिल सके.”