एलन मस्क की कंपनी ‘स्पेसएक्स’ का प्रक्षेपण स्थल अमेरिका का नया शहर घोषित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 04 May 2025 07:34 PM
एलन मस्क की कंपनी ‘स्पेसएक्स’ का प्रक्षेपण स्थल अमेरिका का नया शहर घोषित
ऑडियो सुनें

मैकएलेन. अमेरिका के टेक्सास में उस जगह को एक शहर घोषित किया गया है जहां उद्योगपति एलन मस्क की रॉकेट कंपनी ‘स्पेसएक्स’ स्थित है और इसे ‘स्टारबेस’ नाम दिया गया है. ‘स्टारबेस’ को औपचारिक रूप से शहर घोषित करने के लिए वहां रहने वाले लोगों के एक छोटे समूह के बीच मतदान कराया गया जिसमें इस प्रस्ताव को एकतरफा मंजूरी मिल गई. यहां रहने वालों में ज्यादातर लोग मस्क की कंपनी के कर्मचारी हैं.

कैमरून काउंटी निर्वाचन विभाग द्वारा ऑनलाइन जारी परिणामों के अनुसार, इस प्रस्ताव के पक्ष में 212 वोट पड़े जबकि इसके खिलाफ छह वोट पड़े. मस्क ने अपने सोशल मंच ‘एक्स’ पर खुशी जाहिर करते हुए एक पोस्ट में कहा कि यह ”अब वास्तव में एक शहर बन गया है.” स्टारबेस ‘स्पेसएक्स’ रॉकेट कार्यक्रम का प्रक्षेपण स्थल है. इस कार्यक्रम के लिए अमेरिकी रक्षा विभाग और ‘नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन’ (नासा) ने स्पेसएक्स के साथ करार किया है. इस कार्यक्रम के तहत अंतरिक्ष यात्रियों को चंद्रमा पर तथा बाद में मंगल ग्रह पर भेजने का लक्ष्य है.

मस्क ने सबसे पहले 2021 में ‘स्टारबेस’ का विचार रखा था और नए शहर को मंजूरी मिलना लगभग माना जा रहा था. माना जाता है कि इलाके के 283 पात्र मतदाताओं में से ज्यादातर ‘स्टारबेस’ के कर्मचारी हैं. मेक्सिको सीमा के पास टेक्सास के दक्षिण में स्थित यह शहर केवल 3.9 वर्ग किलोमीटर में फैला हुआ है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu