न्यूयॉर्क में दिवाली पर अब स्कूलों में रहेगी छुट्टी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 27 Jun 2023 10:04 PM
न्यूयॉर्क में दिवाली पर अब स्कूलों में रहेगी छुट्टी
ऑडियो सुनें

न्यूयॉर्क. न्यूयॉर्क शहर में रोशनी के त्योहार दिवाली पर स्कूलों में छुट्टी रहेगी. अधिकारियों ने यह घोषणा करते हुए इसे भारतीय समुदाय सहित शहर के निवासियों के लिए एक ”जीत” बताया. न्यूयॉर्क शहर के मेयर एरिक एडम्स ने कहा कि उन्हें गर्व है कि राज्य के सदन और राज्य के सीनेट ने न्यूयॉर्क सिटी पब्लिक स्कूल में दिवाली पर छुट्टी रखने संबंधी विधेयक को पारित कर दिया है.

उन्होंने सोमवार को सिटी हॉल से की गई एक विशेष घोषणा में कहा, ”हमें विश्वास है कि गवर्नर इस विधेयक पर हस्ताक्षर कर इसे कानून का रूप देंगे.” एडम्स ने कहा, ”यह एक जीत है… केवल भारतीय समुदाय के महिला व पुरुषों और दिवाली मनाने वाले सभी समुदायों की नहीं, बल्कि यह न्यूयॉर्क की जीत है.” इस वर्ष से न्यूयॉर्क शहर के पब्लिक स्कूलों में दिवाली की छुट्टी रहेगी. न्यूयॉर्क की प्रतिनिधि सभा की सदस्य जेनिफर राजकुमार ने कहा कि दो दशकों से अधिक समय से, दक्षिण एशियाई और भारतीय-कैरिबियाई समुदाय ने इस पल के लिए संघर्ष किया है.

जेनिफर न्यूयॉर्क राज्य की प्रतिनिधि सभा के लिए चुनी गई पहली भारतीय-अमेरिकी महिला हैं. उन्होंने कहा, ”आज, मेयर और मुझे पूरी दुनिया के सामने खड़े होकर यह कहते हुए गर्व हो रहा है कि अब से दिवाली पर न्यूयॉर्क शहर के स्कूलों में हमेशा छुट्टी रहेगी. ” जेनिफर ने कहा कि दिवाली की छुट्टी को कानून में शामिल किया जाना चाहिए. समुदाय और प्रवासी नेताओं के साथ-साथ शहर के अधिकारियों व सांसदों के बीच एडम्स ने कहा कि न्यूयॉर्क शहर लगातार बदल रहा है और दुनियाभर के समुदायों का स्वागत कर रहा है.

न्यूयॉर्क सिटी स्कूल के चांसलर डेविड बैंक्स ने कहा कि शहर में स्कूली बच्चों के लिए दिवाली की छुट्टी की घोषणा करना, ”दिवाली पर स्कूल बंद रखने से ज्यादा इस बात पर जोर देता है कि हम अपनी सोच का दायरा बढ.ा रहे हैं, क्योंकि हम उन्हें दिवाली तथा उसके इतिहास के बारे में बताने जा रहे हैं.” बैंक्स ने कहा, ”मैं उन सभी बच्चों, परिवारों और न्यूयॉर्क शहर के आसपास के समुदायों के लिए खुश हूं, जो इस त्योहार की विरासत तथा इतिहास के बारे में और अधिक जान पाएंगे.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu