
बेंगलुरु/नयी दिल्ली. कर्नाटक के नवनिर्वाचित कांग्रेस विधायकों ने रविवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को विधायक दल का नेता चुनने के लिए अधिकृत किया। पार्टी सूत्रों ने यह जानकारी दी. कांग्रेस विधायक दल की रविवार शाम यहां एक निजी होटल में हुई बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर पार्टी अध्यक्ष को विधायक दल का नेता चुनने का अधिकार दिया गया.
कर्नाटक के विधायकों की राय लेंगे पर्यवेक्षक, मुख्यमंत्री के चयन पर आलाकमान करेगा फैसला: खरगे
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के पर्यवेक्षक कर्नाटक में पार्टी विधायकों की राय से आलाकमान को अवगत करायेंगे और इसके बाद मुख्यमंत्री के चयन को लेकर फैसला किया जायेगा. उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए सब कुछ ठीक-ठाक रहा है और जल्द ही सरकार बनेगी.
कर्नाटक का नया मुख्यमंत्री तय करने के लिए कांग्रेस विधायक दल की बैठक
कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार समेत सरकार के गठन पर चर्चा के लिए कांग्रेस विधायक दल (सीएलपी) की बैठक रविवार को एक निजी होटल में शुरू हुई. कांग्रेस के सूत्रों ने कहा कि राज्य में कांग्रेस के नवनिर्वाचित विधायकों ने पार्टी प्रमुख खरगे को नया विधायक दल का नेता चुनने के लिए अधिकृत किया है.



