एनआईए ने पहलगाम आतंकवादी हमले की जांच अपने हाथ में ली

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 27 Apr 2025 01:41 PM
एनआईए ने पहलगाम आतंकवादी हमले की जांच अपने हाथ में ली
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने पहलगाम आतंकवादी हमले की जांच अपने हाथ में ले ली है. अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि आतंकवाद रोधी एजेंसी के एक पुलिस महानिरीक्षक, एक पुलिस उपमहानिरीक्षक और एक पुलिस अधीक्षक की निगरानी में गठित टीम जम्मू-कश्मीर में पहलगाम की बैसरन घाटी में मंगलवार को हुए हमले के प्रत्यक्षर्दिशयों से पूछताछ कर रही हैं.

उन्होंने कहा कि कश्मीर में सबसे भीषण आतंकवादी हमलों में से एक को अंजाम देने संबंधी घटनाक्रम का पता लगाने के लिए प्रत्यक्षदशियों से गहन पूछताछ की जा रही है. अधिकारियों ने बताया कि एनआईए की टीम आतंकवादियों के बारे में सुराग हासिल करने के लिए प्रवेश और निकास बिंदुओं की गहन जांच कर रही हैं.

उन्होंने कहा कि फॉरेंसिक और अन्य विशेषज्ञों की मदद से ये टीम पूरे इलाके की गहन जांच कर रही हैं ताकि उस आतंकवादी साजिश का पर्दाफाश करने के लिए सबूत जुटाए जा सकें जिसके कारण यह भयावह हमला हुआ. इस हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है.

अधिकारियों ने बताया कि एनआईए की टीम हमलास्थल पर बुधवार से ही डेरा डाले हुए हैं और उन्होंने सबूतों की तलाश तेज कर दी है.
एनआईए ने केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश के बाद पहलगाम आतंकवादी हमले के मामले की जांच अपने हाथ में ली है. अनंतनाग जिले में पहलगाम के ऊपरी इलाकों में स्थित लोकप्रिय पर्यटन स्थल बैसरन में मंगलवार को आतंकवादियों के हमले में 26 लोग मारे गए. इनमें से अधिकतर पर्यटक थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu