
पणजी. गोवा पर्यटन विभाग ने आग से तबाह हुए नाइट क्लब के फरार मालिकों – सौरभ और गौरव लूथरा के वागाटोर समुद्र तट पर स्थित ‘रोमियो लेन’ के अवैध क्लब को मंगलवार को ध्वस्त कर दिया. सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा शनिवार आधी रात के आसपास अरपोरा स्थित ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब में लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत के कुछ ही घंटों बाद थाईलैंड फरार हो गए थे.
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सौरभ और गौरव लूथरा ने पर्यटन विभाग की जमीन पर क्लब का निर्माण किया था. मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने अधिकारियों को क्लब गिराने की प्रक्रिया शुरू करने का आदेश दिया था. अधिकारी ने बताया कि लकड़ी से बनी इस संरचना को मशीनों की मदद से गिरा दिया गया और पर्यटन विभाग ने 198 वर्ग मीटर जमीन को मुक्त कराया. पुलिस की मौजूदगी में दो घंटे के अंदर ही ढांचे को गिरा दिया गया.
नाइट क्लब के दो और मालिकों के खिलाफ एलओसी जारी: गोवा पुलिस
गोवा पुलिस ने आग से तबाह हुए नाइट क्लब के मालिकों में शामिल अजय गुप्ता और सुरिंदर कुमार खोसला के खिलाफ ‘लुकआउट सर्कुलर’ (एलओसी) जारी किया है. एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी. ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब के मालिक सौरभ और गौरव लूथरा के थाईलैंड भागने के कुछ घंटों बाद, गुप्ता और ब्रिटिश नागरिक खोसला के खिलाफ एलओसी जारी किया गया. शनिवार को क्लब में आग की घटना में 25 लोगों की मौत हो गई.
उत्तरी गोवा के अंजुना थाने में संवाददाता सम्मेलन में पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) वर्षा शर्मा ने बताया कि नाइट क्लब के दोनों मालिकों, गुप्ता और खोसला के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है. शर्मा ने कहा, “खोसला ब्रिटेन का नागरिक है.” शर्मा ने बताया कि गोवा पुलिस सौरभ और गौरव लूथरा को वापस लाने के लिए इंटरपोल की मदद ले रही है, जो फुकेट भाग गए हैं. उन्होंने बताया, “उन्हें भारत वापस लाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं.”
शर्मा ने बताया, “आग की घटना के तुरंत बाद सौरभ और गौरव का पता लगाने के प्रयास शुरू हो गए थे. वे उस समय गोवा में नहीं थे.” डीआईजी ने कहा कि गोवा सरकार के दो अधिकारियों, तत्कालीन पंचायत निदेशक सिद्धि हलर्नकर और गोवा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की तत्कालीन सदस्य सचिव शमिला मोंटेइरो को जांच में शामिल होने के लिए कहा गया है. पुलिस ने अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें नाइट क्लब के मुख्य महाप्रबंधक राजीव मोदक, महाप्रबंधक विवेक सिंह, बार मैनेजर राजीव सिंघानिया, गेट मैनेजर रियांशु ठाकुर और भरत कोहली शामिल हैं.



