विदेश मंत्री एस जयशंकर सहित राज्यसभा के नौ सदस्यों ने सदस्यता की शपथ ली

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 21 Aug 2023 07:27 PM
विदेश मंत्री एस जयशंकर सहित राज्यसभा के नौ सदस्यों ने सदस्यता की शपथ ली
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. विदेश मंत्री एस जयशंकर सहित नौ सांसदों ने सोमवार को राज्यसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली. राज्यसभा सचिवालय से जारी एक बयान के अनुसार राज्यसभा कक्ष में उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने सदस्यों को शपथ दिलायी. जयशंकर ने अंग्रेजी में शपथ ली. राज्यसभा सदस्य के रूप में यह उनका दूसरा कार्यकाल है. वह पहली बार वर्ष 2019 में निर्वाचित हुए थे.

जयशंकर के अलावा राज्यसभा की सदस्यता की शपथ लेने वाले भारतीय जनता पार्टी सदस्यों में बाबूभाई जेसांगभाई देसाई (गुजरात), केसरीदेवसिंह दिग्विजय सिंह झाला (गुजरात) और नागेन्द्र राय (पश्चिम बंगाल) शामिल हैं. इसके अलावा तृणमूल कांग्रेस के पांच सांसदों ने भी उच्च सदन के सदस्य के रूप में शपथ ली. इनमें डेरेक ओब्रायन, डोला सेन, सुखेन्दु शेखर रे, प्रकाश चिक बाराइक और समिरूल इस्लाम शामिल हैं. डेरेक, सेन, इस्लाम और रे ने बांग्ला में शपथ ली.

सोमवार को जिन नौ सदस्यों ने उच्च सदन की सदस्यता की शपथ ली, उनमें से पांच पहली बार निर्वाचित होकर उच्च सदन में पहुंचे हैं. इनमें नागेन्द्र राय, काश चिक बाराइक, समिरूल इस्लाम, केसरीदेवसिंह दिग्विजय सिंह झाला और बाबूभाई जेसांगभाई देसाई शामिल हैं. राज्यसभा सचिवालय के बयान के अनुसार, पांच सदस्यों ने बांग्ला में, तीन ने हिन्दी में और दो ने अंग्रेजी में शपथ ली. इस अवसर पर उच्च सदन के नेता एवं वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, राज्यसभा के सभापति पी सी मोदी एवं अन्य अधिकारी उपस्थित थे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu