बेमेतरा में सड़क दुर्घटना में नौ लोगों की मौत, 22 अन्य घायल

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 29 Apr 2024 06:33 PM
बेमेतरा में सड़क दुर्घटना में नौ लोगों की मौत, 22 अन्य घायल
ऑडियो सुनें

बेमेतरा. छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में सड़क दुर्घटना में छह महिलाओं और तीन बच्चों की मौत हो गई तथा 22 अन्य लोग घायल हो गए हैं. पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हादसे पर दुख व्यक्त किया और अधिकारियों को घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिये.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के कठिया गांव के पास एक पिकअप वाहन रविवार रात एक अन्य मालवाहक वाहन से टकरा गया जिसके कारण घटनास्थल पर ही पांच महिलाओं और तीन बच्चों की मौत हो गई. एक अन्य महिला ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया. इस घटना में 22 अन्य लोग घायल हो गए. उन्होंने बताया कि पथर्रा गांव के लोग पिकअप वाहन में सवार होकर एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने तिरैया गांव गए थे. रविवार रात जब वे लौट रहे थे तब पिकअप वाहन सड़क किनारे खड़े एक छोटे ट्रक से टकरा गया.

अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में आठ लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जिनकी पहचान भूरी निषाद (50), नीरा साहू (55), गीता साहू (60), अग्निया साहू (60), खुशबू साहू (39), मधु साहू (पांच), रिकेश निषाद (छह) और ट्विंकल निषाद (छह) के रूप में की गई है.

उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में 23 अन्य लोग घायल हो गए. पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया तथा शवों एवं घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. अधिकारियों ने बताया कि घायलों को दो अस्पतालों-बेमेतरा जिला अस्पताल और सिमगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया.

उन्होंने बताया, ”बाद में गंभीर रूप से घायल चार लोगों को रायपुर भेजा गया, उनमें से एक महिला रत्ना साहू (50) ने रायपुर ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया.” अधिकारियों ने बताया कि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों में से दो को अखिल भारतीय आयुर्वज्ञिान संस्थान रायपुर में और एक को शहर के अन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

मुख्यमंत्री साय ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर अपने हैंडल पर लिखा है, ”बेमेतरा-सिमगा सीमा क्षेत्र के पास कठिया गांव में हुई सड़क दुर्घटना की दुखद सूचना प्राप्त हुई है. घायलों के बेहतर इलाज के लिए आवश्यक निर्देश जिला प्रशासन को दिए गए हैं. मृतकों के परिवार के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं.” इस बीच, राज्य के मंत्री दयालदास बघेल और भाजपा सांसद और दुर्ग लोकसभा क्षेत्र से उम्मीदवार विजय बघेल ने पथर्रा गांव का दौरा किया तथा पीड़ितों के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav