नितिन नवीन ने पटना साहिब में मत्था टेका, दो मंदिरों में की पूजा-अर्चना

पटना. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने गृह राज्य बिहार के दो दिवसीय दौरे के दूसरे दिन बुधवार को पटना साहिब गुरुद्वारा में मत्था टेका व दो मंदिरों में पूजा-अर्चना की. इसके बाद वह देर शाम दिल्ली रवाना हो गए.
नितिन नवीन ने सिखों के 10वें गुरु गुरु गोबिंद सिंह जी की जन्मस्थली तख्त श्री हरिमंदिर जी, पटना साहिब में मत्था टेका.

इस अवसर पर बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, राज्य मंत्री दिलीप जायसवाल तथा पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे.
इससे पहले, भाजपा की प्रदेश इकाई के नवनियुक्त अध्यक्ष संजय सरावगी और अन्य नेताओं के साथ नितिन नवीन ने शहर के बांस घाट के पास स्थित सिद्धेश्वरी काली मंदिर में पूजा-अर्चना की. इसके बाद उन्होंने ऐतिहासिक गोलघर के पास स्थित मां अखंडवासिनी मंदिर में भी दर्शन किए.

भाजपा की बिहार इकाई के मीडिया प्रभारी दानिश इकबाल ने संवाददाताओं को बताया, “पदभार ग्रहण करने के बाद बिहार के पहले दौरे पर मंगलवार को नितिन नवीन का भव्य स्वागत किया गया. बुधवार सुबह उन्होंने काली मंदिर में दर्शन किए, जो हम सभी के लिए आस्था का केंद्र है, और गोलघर के पास स्थित मंदिर में भी पूजा की.” भाजपा द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, नवीन ने बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र के बूथ लेवल एजेंट-दो (बीएलए-दो) सदस्यों और मंडल कोर टीम की बैठक की अध्यक्षता भी की. इसमें कहा गया कि बैठक के दौरान संगठन को और अधिक मजबूत करने के लिए भविष्य की रणनीतियों व उपायों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया.

उन्होंने हाल में संपन्न विधानसभा चुनावों में भाजपा की प्रचंड जीत में बीएलए-दो सदस्यों और पार्टी कार्यकर्ताओं के योगदान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा, ”जनता द्वारा दिए गए भारी जनादेश ने हमारी जिम्मेदारियों को और बढ़ा दिया है.” भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष ने चुनावों से पहले आयोजित विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान बीएलए-दो सदस्यों की भूमिका की भी सराहना की.
उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल चुनाव जीतना नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करना भी है. आगे की राह लंबी और चुनौतीपूर्ण है.”

नवीन ने सभी कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया और कहा, “केंद्रीय नेतृत्व ने बिहार पर गहरा विश्वास जताया है और उस भरोसे पर खरा उतरना संगठन की जिम्मेदारी है.” बिहार दौरे के पहले दिन मंगलवार को उन्होंने पटना में हवाई अड्डे के पास स्थित अरण्य भवन से वीरचंद पटेल पथ होते हुए भाजपा कार्यालय के निकट मिलर हाई स्कूल मैदान तक रोड शो का नेतृत्व किया था.

इसके बाद मिलर हाई स्कूल मैदान में आयोजित अभिनंदन समारोह में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष ने बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके आधिकारिक आवास पर शिष्टाचार भेंट भी की. नितिन नवीन को 14 दिसंबर को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया गया था और उन्होंने अगले दिन पदभार ग्रहण किया. नितिन नवीन बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से पांच बार के विधायक हैं. वह पूर्व में भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं और पार्टी के छत्तीसगढ़ प्रभारी की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button