राहुल गांधी को कोई गंभीरता से नहीं लेता : धर्मेन्द्र प्रधान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 27 Feb 2024 08:05 PM
राहुल गांधी को कोई गंभीरता से नहीं लेता : धर्मेन्द्र प्रधान
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने मंगलवार को दावा किया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को कोई भी गंभीरता से नहीं लेता और वह जो कुछ भी कहते हैं, उससे ”हंसी का पात्र” बन जाते हैं. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने कहा कि लोकसभा के पिछले दो चुनाव जनता की पसंद को दर्शाते हैं और आगामी चुनावों में कांग्रेस की स्थिति और खराब होगी.

उन्होंने टीवी9 नेटवर्क के एक शिखर सम्मेलन में कहा, ”राहुल गांधी को कोई भी गंभीरता से नहीं लेता है. जब उनकी अपनी ही पार्टी उन्हें गंभीरता से नहीं लेती है तो जनता उन्हें कैसे गंभीरता से लेगी. पिछले दो चुनाव जनता की राय को दर्शाते हैं और आने वाले चुनाव में कांग्रेस की स्थिति और भी खराब होगी.” कांग्रेस के सत्ता में आने पर हर किसान को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की कानूनी गारंटी देने के राहुल गांधी के वादे को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रधान ने कहा, ”उनके बुनियादी सिद्धांतों में कुछ समस्या है.”

उन्होंने सवाल किया, “जब वे सत्ता में थे तो उनकी पार्टी ने इस मुद्दे पर क्या किया? वे कर्नाटक जैसे राज्यों में क्या कर रहे हैं जहां उन्होंने हाल ही में चुनावों में जीत दर्ज की. क्या उन्होंने अपने चुनावी वादे पूरे किए हैं?” प्रधान ने यह भी आरोप लगाया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से निराश कुछ सलाहकार अब कांग्रेस खेमे में शामिल हो गये हैं.

उन्होंने कहा, ” वे लोग उनके लिए (राहुल गांधी) जो लिखते हैं, वह उसे ही पढ़ते हैं और इसके बाद जो कुछ कहते हैं उससे हंसी का पात्र बन जाते हैं.” भाजपा नेता ने लोकसभा चुनाव लड़ने के बारे में अपना रुख दोहराया. उन्होंने कहा, “अगर पार्टी मुझे चुनाव लड़ने के लिए चुनती है तो मैं लोकसभा चुनाव लड़ूंगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu